पश्चिमी तट में इजराइली सेना की गोलीबारी में एक फलस्तीनी शिशु की मौत: स्वास्थ्य अधिकारी
पश्चिमी तट में इजराइली सेना की गोलीबारी में एक फलस्तीनी शिशु की मौत: स्वास्थ्य अधिकारी
(परिवर्तित डेटलाइन से)
हेब्रोन, छह जून (एपी) कब्जे वाले पश्चिमी तट में इजराइली सैनिकों द्वारा एक वाहन पर गोलीबारी किए जाने से सात महीने के एक फलस्तीनी शिशु की मौत हो गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार शाम सम फहद अबू हाइकल नामक सात माह के शिशु की मौत हो गई।
यह घटना तब हुई जब उसके माता-पिता हेब्रोन शहर के दक्षिण में स्थित तेल रुमैदा क्षेत्र में वाहन से जा रहे थे। मंत्रालय ने बताया कि घटना में शिशु के माता-पिता घायल हो गए हैं।
सरकारी फलस्तीनी समाचार एजेंसी ‘वफा’ ने बताया कि शिशु चेहरे पर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, वही गोली उसकी मां को भी लगी। बाद में शिशु की मौत हो गयी।
‘वफा’ के अनुसार, शिशु के पिता एवं बेथलहम विश्वविद्यालय में व्याख्याता फहद अब्दुल अजीज अबू हाइकल के हाथ में गोली लगी। एजेंसी के अनुसार परिवार बेथलहम से हेब्रोन में अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहा था, तभी सैनिकों ने गोलीबारी की।
इजराइली सेना ने शुक्रवार को कहा कि हेब्रोन क्षेत्र में सैनिकों ने एक ऐसे वाहन पर गोली चलाई, जिसके उनकी ओर से तेज़ी से बढ़ने का आभास हुआ था। सेना ने कहा कि सैनिकों की गोलीबारी में तीन फलस्तीनी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सेना ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये लोग किसी भी प्रकार की गतिविधि में शामिल नहीं थे और मामले की समीक्षा की जा रही है।
अस्पताल में शिशु के पिता ने कहा कि गोली शीशा पार करते हुए पहले उनके दाहिने हाथ में लगी , फिर उनके बेटे एवं पत्नी को लगी।
यरूशलेम स्थित ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह इजराइल द्वारा बच्चे की हत्या से ‘स्तब्ध और दुखी’ है। उसने इज़राइल से ‘तत्काल और पारदर्शी जांच और जवाबदेही’ की मांग की है।
इजराइल ने सात अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए हमले के बाद पश्चिमी तट में अपने सैन्य अभियान तेज कर दिए हैं। उस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था, जिसके बाद गाजा में युद्ध शुरू हुआ।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजराइल के जवाबी सैन्य अभियान में अब तक 72,900 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है।
एपी राजकुमार माधव
माधव

Facebook


