द.फ्लोरिडा के पाम बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम राष्ट्रपति ट्रंप रखा गया
द.फ्लोरिडा के पाम बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम राष्ट्रपति ट्रंप रखा गया
वेस्ट पाम बीच (अमेरिका), 10 जुलाई (एपी) अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा स्थित पाम बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार से हवाई अड्डे पर ‘पाम बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ के पुराने संकेतक हटाने और नए नाम के बोर्ड लगाए जाने का काम शुरू हो गया।
हवाई अड्डा प्रशासन ने फेसबुक पर जारी एक पोस्ट में कहा कि पूरे हवाई अड्डे में बदलाव एक साथ नहीं हो सकता, इसलिए अगले कुछ सप्ताह तक यात्रियों को टर्मिनल पर पुराने और नए दोनों तरह के संकेतक दिखाई देंगे।
नाम बदलने के बाद सबसे पहले ‘ट्रंप फोर्स वन’ नामक बोइंग-757 विमान सुबह करीब पांच बजे इस हवाई अड्डे पर उतरा। यह विमान ‘द ट्रंप ऑर्गनाइजेशन’ के स्वामित्व में है। विमान में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे एरिक ट्रंप भी सवार थे।
ट्रंप परिवार निकटवर्ती पाम बीच स्थित डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो आवास पर आने-जाने के लिए नियमित रूप से इस हवाई अड्डे का इस्तेमाल करता है। इसी वर्ष हवाई अड्डे से ट्रंप के आवास तक जाने वाली एक सड़क का नाम भी ‘डोनाल्ड जे. ट्रंप बुलेवार्ड’ रखा गया था।
एरिक ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि फ्लोरिडा और अमेरिका के लिए डोनाल्ड ट्रंप से अधिक योगदान किसी अन्य व्यक्ति ने नहीं दिया और वह इस सम्मान के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि वह लगभग प्रतिदिन इसी हवाई अड्डे से यात्रा करते हैं और अब अपने बोर्डिंग पास पर ‘डीजेटी’ अक्षर देखकर उन्हें गर्व होगा।
हालांकि हवाई अड्डे का नया नाम बृहस्पतिवार से लागू हो गया है, लेकिन उसका तीन अक्षरों वाला आधिकारिक हवाई अड्डा कोड ‘पीबीआई’ से बदलकर ‘डीजेटी’ 18 अगस्त से किया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर हवाई अड्डे का नाम बदलने का स्वागत किया। उन्होंने इसे अपने लिए ‘‘बड़ा सम्मान’’ बताते हुए कहा कि यह दुनिया के सबसे शानदार हवाई अड्डों में से एक होगा।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसेंटिस ने इस वर्ष एक विधेयक पर हस्ताक्षर किए थे, जिससे हवाई अड्डे का नाम बदलने का रास्ता साफ हुआ। नए संकेतकों, ब्रांडिंग और अन्य बदलावों पर लगभग 55 लाख अमेरिकी डॉलर तक खर्च होने का अनुमान है।
हवाई अड्डे से सिनसिनाटी जा रहे यात्री कीगन कोलेट ने कहा कि नया नाम देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ। उन्होंने कहा कि उनके विचार से ट्रंप के नाम पर हवाई अड्डा होना जरूरी नहीं था, हालांकि इससे उन्हें विशेष आपत्ति भी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘आखिरकार यह सिर्फ हवाई अड्डे का नाम है। इससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण मुद्दे हैं।’’
एपी मनीषा माधव
माधव

Facebook


