फिलीपीन: स्कूल में गोलीबारी में तीन छात्रों की मौत के बाद दो नाबालिग हिरासत में

Ads

फिलीपीन: स्कूल में गोलीबारी में तीन छात्रों की मौत के बाद दो नाबालिग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 03:57 PM IST

मनीला, 22 जून (एपी) मध्य फिलीपीन के एक स्कूल में सोमवार को दो नाबालिग छात्रों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर अपने तीन सहपाठियों की जान ले ली और सात अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

स्थानीय पुलिस प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जेसन कैपॉय ने बताया कि 14 और 15 वर्ष की आयु के इन संदिग्धों के पास एक-एक पिस्तौल थी। इन संदिग्ध विद्यार्थियों को हिरासत में ले लिया गया है।

यह घटना तक्लोबन शहर के सैन जोस नेशनल हाई स्कूल की है और सभी छात्र इसी स्कूल के थे।

इस सरकारी स्कूल में गोलीबारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस स्कूल में 1,500 से अधिक छात्र पढ़ते हैं।

कैपॉय ने कहा कि आपस में घनिष्ठ मित्र दोनों संदिग्धों ने शुरुआती पूछताछ में बताया है कि स्कूल में उन्हें परेशान किया जाता था। हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया।

पकड़े गए लड़कों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले में इस्तेमाल की गई पिस्तौल उन्हें कहां से मिलीं।

कैपॉय ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संदिग्धों ने दो कमरों में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पहले कमरे में गोलीबारी के बाद जब बच्चे अपनी जान बचाने के लिए भागे, तो संदिग्धों ने कुछ का पीछा किया और दूसरे कमरे में घुस गए।’’

उन्होंने बताया कि मृतकों और घायलों में अधिकांश छात्राएं थीं।

हमले के बाद एक संदिग्ध को स्कूल परिसर में ही पकड़ लिया गया लेकिन दूसरा संदिग्ध वहां से भाग निकला और पास के ही एक घर में छिप गया। पुलिस ने स्थानीय निवासियों की सूचना पर मुस्तैदी दिखाते हुए उसे ढूंढ निकाला।

फिलीपीन में बिना लाइसेंस वाले हथियारों की भरमार के कारण गोलीबारी से जुड़े अपराध आम हैं, लेकिन वहां स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं तुलनात्मक रूप से काफी काम देखने को मिलती हैं।

एपी

खारी नरेश

नरेश