प्रधानमंत्री मोदी रोम पहुंचे, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से मिलेंगे

प्रधानमंत्री मोदी रोम पहुंचे, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से मिलेंगे

प्रधानमंत्री मोदी रोम पहुंचे, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से मिलेंगे
Modified Date: May 20, 2026 / 12:41 am IST
Published Date: May 20, 2026 12:41 am IST

(तस्वीर के साथ)

रोम, 19 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नॉर्वे की अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी करके मंगलवार रात रोम पहुंचे, जहां वह इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मट्टरेल्ला से मुलाकात करेंगे तथा भारत-इटली सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।

रोम हवाई अड्डे पर उप प्रधानमंत्री और विदेश मामलों एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो ताजानी ने मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इटली के रोम पहुंचा। राष्ट्रपति सर्जियो मट्टरेल्ला और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करूंगा।”

उन्होंने लिखा, “इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-इटली सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसमें विशेष रूप से भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 की भी समीक्षा की जाएगी। मैं खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के मुख्यालय का भी दौरा करूंगा और बहुपक्षवाद के साथ-साथ वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करूंगा।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आधिकारिक दौरे पर रोम पहुंचे हैं।”

उन्होंने लिखा, “भारत और इटली के बीच दीर्घकालिक और बहुआयामी साझेदारी है। यह यात्रा भारत-इटली साझेदारी को नयी गति प्रदान करेगी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जून 2024 में इटली की यात्रा की थी।

भाषा पारुल जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में