पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ ने इफ्तिखार गिलानी को पीओके के ‘प्रधानमंत्री’ पद के लिए नामित किया

पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ ने इफ्तिखार गिलानी को पीओके के ‘प्रधानमंत्री’ पद के लिए नामित किया

पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ ने इफ्तिखार गिलानी को पीओके के ‘प्रधानमंत्री’ पद के लिए नामित किया
Modified Date: August 27, 2026 / 04:42 pm IST
Published Date: August 27, 2026 4:42 pm IST

लाहौर, 27 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के सत्तारूढ़ दल पीएमएल-एन के प्रमुख नवाज शरीफ ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के तथाकथित प्रधानमंत्री पद के लिए बैरिस्टर इफ्तिखार गिलानी को नामित किया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

क्षेत्र की तथाकथित विधानसभा के लिए चुनाव 27 जुलाई, दो अगस्त और तीन अगस्त को तीन चरणों में हुए थे। इन चुनावों के दौरान हिंसक प्रदर्शन हुए थे और बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप भी लगे थे।

विधानसभा के शुक्रवार को पीओके के तथाकथित प्रधानमंत्री का चुनाव करने की संभावना है।

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक सीट से चुनाव हारने के बावजूद बाद में तकनीकविदों के लिए आरक्षित सीट से विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए गिलानी के नाम को नवाज शरीफ की सिफारिश पर प्रधानमंत्री पद के लिए अंतिम रूप दिया गया है।

पीओके विधानसभा में कुल 53 सीट हैं। इनमें 45 सीट पर सीधे चुनाव होता है, जबकि आठ सीट महिलाओं, तकनीकविदों और धार्मिक विद्वानों के लिए आरक्षित हैं।

पीएमएल-एन नेता ने कहा कि तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके नवाज शरीफ ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, पीएमएल-एन के क्षेत्रीय अध्यक्ष शाह गुलाम कादिर, क्षेत्र के पूर्व प्रधानमंत्री राजा फारूक हैदर और अन्य नेताओं से विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया।

गिलानी को मुजफ्फराबाद निर्वाचन क्षेत्र में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार सरदार मुख्तार अहमद खान अब्बासी ने हराया था।

विधानसभा नए प्रधानमंत्री का चुनाव अपनी 53-सदस्यों की पूरी संख्या के बिना करेगी। सीधे निर्वाचित 45 सीट में से सात सीट – पुंछ जिले की पांच और सुधनौती जिले की दो सीट – पर चुनाव नहीं हो सका। अधिकारियों ने इसका कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति बताया है।

भारत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के तहत संपूर्ण केंद्र शासित प्रदेश उसके अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं। नयी दिल्ली का यह भी कहना है कि पाकिस्तान ने इन केंद्र शासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों पर ‘‘अवैध और जबरन कब्जा’’ किया हुआ है।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में