लंदन में यहूदी विरोधी हमलों में ईरानी शासन से जुड़े लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही : पुलिस
लंदन में यहूदी विरोधी हमलों में ईरानी शासन से जुड़े लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही : पुलिस
(अदिति खन्ना)
लंदन, 19 अप्रैल (भाषा) लंदन महानगर पुलिस ने रविवार को कहा कि आतंकवाद विरोधी अधिकारी शहर के विभिन्न यहूदी स्थलों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में ईरानी शासन से जुड़े लोगों की कथित संलिप्तता की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने जांच की अद्यतन जानकारी देते हुए कहा कि आतंकवाद रोधी पुलिस (सीटीपी) इन सभी घटनाओं की जांच का नेतृत्व कर रही है क्योंकि इन सभी घटनाओं की प्रकृति एक समान हैं। गत महीने से अबतक लंदन में इजराइल और यहूदियों से जुड़े परिसरों में आगजनी की कई घटनाएं हुई हैं।
महानगर पुलिस की उप सहायक आयुक्त विक्की इवांस ने कहा, ‘‘इनमें से अधिकांश घटनाओं की जिम्मेदारी ऑनलाइन माध्यम से ‘अशहाब अल-यामीन’ (इस्लामिक मूवमेंट ऑफ द कंपैनियंस ऑफ द राइट) नामक समूह ने ली है।’’ इवांस आतंकवाद रोधी मामलों की वरिष्ठ राष्ट्रीय समन्वयक भी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इसी समूह ने हाल के महीनों में पूरे यूरोप में यहूदियों और इजराइल से जुड़े पूजा स्थलों, व्यापारिक संस्थानों और वित्तीय संस्थानों में हुई कई घटनाओं की जिम्मेदारी ली है।’’
महानगर पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के लगातार विस्तार होने की वजह से ब्रिटेन में उनकी टीम ‘‘ ईरानी शासन की आक्रामकता के खतरे के प्रति सचेत हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ईरानी शासन द्वारा आपराधिक गुर्गों के नियमित उपयोग के बारे में विस्तार से बात की है। हम इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या लंदन में भी हिंसा के लिए इसी रणनीति का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन अपराधों को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की अक्सर किसी भी उद्देश्य के प्रति कोई निष्ठा नहीं होती है और वे केवल पैसे के लिए अपराधों को अंजाम देते हैं।’’
इस बीच, ब्रिटेन के मुख्य रब्बी (यहूदी धार्मिक नेता)ने रविवार को कहा कि लंदन के एक यहूदी प्रार्थना स्थल में आगजनी के प्रयास के बाद ब्रिटिश यहूदी ‘‘हिंसा और धमकी के एक निरंतर अभियान’’ का सामना कर रहे हैं, जो इसी तरह के हमलों की एक शृंखला में नवीनतम घटना है।
केंटन स्थित यूनाइटेड सिनेगॉग (यहूदी पूजास्थल) को शनिवार को हुई घटना में मामूली क्षति हुई। इस प्रकरण की आतंकवाद रोधी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
मुख्य रब्बी एफ़्रैम मिरविस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि ‘‘ब्रिटेन के यहूदी समुदाय के खिलाफ हिंसा और धमकियों का एक निरंतर अभियान तेज़ी से बढ़ रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर का शुक्र है कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन हम स्थिति बदलने का इंतज़ार नहीं कर सकते और न ही करना चाहिए, इससे पहले कि हम यह समझें कि यह क्षण हमारे पूरे समाज के लिए कितना खतरनाक है।’’
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने हमलों पर दुख व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि ‘‘जिम्मेदार लोगों को ढूंढकर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


