पुतिन ने आसियान देशों के नेताओं की मेजबानी की, व्यापारिक संबंध बढ़ाने की इच्छा जताई

पुतिन ने आसियान देशों के नेताओं की मेजबानी की, व्यापारिक संबंध बढ़ाने की इच्छा जताई

पुतिन ने आसियान देशों के नेताओं की मेजबानी की, व्यापारिक संबंध बढ़ाने की इच्छा जताई
Modified Date: June 17, 2026 / 09:01 pm IST
Published Date: June 17, 2026 9:01 pm IST

मॉस्को, 17 जून (एपी) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बुधवार को दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) के नेताओं की एक बैठक की मेजबानी कर रहे हैं, जिसका मकसद इस क्षेत्रीय समूह के सदस्यों के साथ व्यापार और अन्य संबंधों को मजबूत करना है।

क्रेमलिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव के अनुसार, कजान में हो रही दो दिवसीय बैठक में आसियान देशों के साथ रूस की ‘‘रणनीतिक साझेदारी’’ को बढ़ाने के तौर-तरीकों पर विचार किया जाएगा।

आसियान में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, पूर्वी तिमोर और वियतनाम शामिल हैं।

उशाकोव ने कहा कि इस क्षेत्रीय समूह ने मॉस्को के साथ ‘‘संवाद साझेदार’’ के तौर पर संबंध बनाए रखे हैं और रूसी अधिकारियों को वार्षिक उच्चस्तरीय बैठकों में शामिल किया है।

वोल्गा नदी के किनारे कजान में हो रहा यह शिखर सम्मेलन रूस-आसियान संबंधों की 35वीं वर्षगांठ का प्रतीक है।

सम्मेलन के दौरान आयोजित व्यापारिक फोरम में हिस्सा लेने वालों को भेजे एक संदेश में पुतिन ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि इससे ‘‘परस्पर लाभकारी व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के नए मौके बनेंगे तथा व्यापारिक समुदायों के बीच सीधी बातचीत भी मजबूत होगी।’’

उशाकोव ने रूस और आसियान के बीच बातचीत को ‘‘लाभकारी, बराबरी वाली और रचनात्मक’’ बताया ।

उन्होंने पत्रकारों को बताया कि सम्मेलन के दौरान पुतिन आसियान नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे, और इस सम्मेलन की सह-अध्यक्षता वह फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ करेंगे।

वर्तमान में फिलीपीन इस संगठन का अध्यक्ष है।

एपी

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में