महारानी एलिजाबेथ ने अपना 95 वां जन्मदिन सादे ढंग से मनाया

महारानी एलिजाबेथ ने अपना 95 वां जन्मदिन सादे ढंग से मनाया

महारानी एलिजाबेथ ने अपना 95 वां जन्मदिन सादे ढंग से मनाया
Modified Date: November 29, 2022 / 09:00 pm IST
Published Date: April 21, 2021 2:13 pm IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 21 अप्रैल (भाषा) शनिवार को अपने पति प्रिंस फिलिप का अंतिम संस्कार होने के चंद दिनों बाद ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने बुधवार को अपना 95 वां जन्मदिन बिल्कुल सादे ढंग से मनाया तथा ‘समर्थन एवं दयालुता’ संदेशों को लेकर दुनियाभर के लोगों को धन्यवाद दिया।

राजपरिवार के शोक से गुजरने के बीच उन्होंने कहा कि ब्रिटेन एवं राष्ट्रमंडल के लोगों द्वारा उनके पति को दी गयी श्रद्धांजलि पूरे परिवार के लिए ‘‘ढांढस’’ है।

महारानी ने बकिंघम पैलेस के सोशल मीडिया एकाउंट पर जारी संदेश में कहा, ‘‘ आज अपने 95 वें जन्मदिन के मौके पर मुझे कई शुभकामना संदेश मिले हैं जिनकी मैं बहुत सराहना करती हूं।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘ अब जब बतौर परिवार हम दुख के दौर में हैं तब ब्रिटेन, राष्ट्रमंडल और दुनियाभर से अपने पति के प्रति व्यक्त की जा रही श्रद्धांजलि को देखकर और सुनकर हम सभी का ढांढस बंधा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हाल के दिनों में आप सभी ने जो सहयोग और दयालुता दिखायी है, उसके लिए मेरा परिवार एवं मैं आप सभी को धन्यवाद देना चाहेंगे। ( आपने) हमारा हृदय छू लिया और इससे हमें स्मरण होता रहेगा कि फिलीप का आजीवन असंख्य लोगों पर ऐसा असाधारण प्रभाव रहा था।’’

वैसे ड्यूक ऑफ एडिनबरा की याद में राष्ट्रीय शोक की अवधि रविवार को समाप्त हो गयी लेकिन राजपरिवार शुक्रवार तक शोक मना रहा है। ऐसे में जन्मदिन पर सामान्य कार्यकम होने या बकिंगघम पैलेस द्वारा आधिकारिक तस्वीर जारी किये जाने की संभावना नहीं है।

उम्मीद है कि महारानी यह दिन विंडसर कैसल में बिताएंगी जहां उनके साथ राजपरिवार के कुछ सदस्य होंगे।

प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ट्वीट किया, ‘‘ मैं महारानी को उनके 95 वें जन्मदिन पर हार्दिक बधाइयां भेजना चाहूंगा। मेरे मन में उनके लिए तथा देश एवं राष्ट्रमंडल के प्रति उनकी सेवा को लेकर गहरा सम्मान रहा है। मुझे उनके प्रधानमंत्री के रूप में काम करने का गर्व है।’’

प्रिंस फिलिप का सौंवे जन्मदिन से महज दो महीने पहले नौ अप्रैल को निधन हो गया था।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में