राजनाथ सिंह ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से की मुलाकात, क्षेत्रीय सुरक्षा पर मिलकर काम करने पर जोर

राजनाथ सिंह ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से की मुलाकात, क्षेत्रीय सुरक्षा पर मिलकर काम करने पर जोर

राजनाथ सिंह ने श्रीलंका के राष्ट्रपति से की मुलाकात, क्षेत्रीय सुरक्षा पर मिलकर काम करने पर जोर
Modified Date: September 9, 2026 / 02:38 pm IST
Published Date: September 9, 2026 2:38 pm IST

कोलंबो, नौ सितंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में ‘‘सुरक्षा, शांति और समृद्धि’’ सुनिश्चित करने के लिए भारत और श्रीलंका के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया।

तीन दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को श्रीलंका पहुंचे सिंह ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दिसानायके को शुभकामनाएं दीं और उनकी सरकार के दो साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दी।

यह 38 वर्षों में पहली बार है जब कोई भारतीय रक्षा मंत्री श्रीलंका की यात्रा पर गया है।

सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘आज कोलंबो में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ गर्मजोशी भरी और बेहद सार्थक बैठक हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरे होने पर बधाई दी।’’

सिंह ने कहा, ‘‘हमने इस बात की पुष्टि की कि सभ्यतागत रूप से समान, करीबी पड़ोसी और समुद्री साझेदार होने के नाते भारत और श्रीलंका अपने देशों के विकास और अपने लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। साथ ही, हम अपने क्षेत्र की सुरक्षा, संरक्षा, शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए भी संयुक्त रूप से काम करते रहेंगे।’’

सिंह ने मंगलवार को कहा था कि संकट के समय भारत हमेशा श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के संबंध साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था पर आधारित हैं।

उन्होंने भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत के दौरान यह बात कही थी।

सिंह ने कहा था, ‘‘जब भी इस द्वीपीय देश के सामने कोई संकट आएगा, भारत हमेशा श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।’’

सिंह रक्षा और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

भाषा गोला मनीषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में