अनाक क्राकाटाऊ ज्वालामुखी के पास लापता पांच इंडोनेशियाई फोटो पत्रकारों की तलाश में बचावकर्मी

अनाक क्राकाटाऊ ज्वालामुखी के पास लापता पांच इंडोनेशियाई फोटो पत्रकारों की तलाश में बचावकर्मी

अनाक क्राकाटाऊ ज्वालामुखी के पास लापता पांच इंडोनेशियाई फोटो पत्रकारों की तलाश में बचावकर्मी
Modified Date: September 9, 2026 / 01:33 pm IST
Published Date: September 9, 2026 1:33 pm IST

जकार्ता, नौ सितंबर (एपी) इंडोनेशिया के बचावकर्मियों ने समुद्र में लापता हुए उन आठ लोगों की तलाश की जो ज्वालामुखी विस्फोट की रिपोर्टिंग के लिए अनाक क्राकाटाऊ द्वीप की ओर जा रहे थे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

बैंटन प्रांत के खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख अल अमरद ने बताया कि पांच फोटो पत्रकारों, चालक दल के दो सदस्यों और एक गाइड को ले जा रही स्पीडबोट सुंडा जलडमरूमध्य में स्थित ज्वालामुखीय द्वीप के लिए रवाना होने के बाद संपर्क से कट गई। यह द्वीप जावा और सुमात्रा द्वीपों के बीच स्थित है। नाव बैंटन प्रांत के तटीय शहर कारिता से रवाना हुई थी।

उन्होंने बताया कि नाव से आखिरी संदेश सोमवार शाम 6:13 बजे उसमें सवार एक पत्रकार के परिजनों को मिला था। संदेश में कहा गया था कि समूह अनाक क्राकाटाऊ के आसपास के समुद्री क्षेत्र में पहुंच गया है। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है।

इंडोनेशिया के ये पांच पत्रकार देश की सरकारी समाचार एजेंसी अंतारा, तुर्किये की अनादोलु एजेंसी और कई स्थानीय एवं विदेशी मीडिया संस्थानों के लिए काम करते थे।

उनका आखिरी ज्ञात स्थान तट से करीब 18.5 किलोमीटर (11.5 मील) दूर था। अमरद ने बताया कि मंगलवार से तैनात बचावकर्मी “अब भी समूह से संपर्क स्थापित करने या उनके ठिकाने का पता लगाने में असमर्थ हैं।”

अनाक क्राकाटाऊ में शुरुआती ज्वालामुखी विस्फोट रविवार को समाप्त हो गया, लेकिन इसके बाद भी वहां रुक-रुक कर विस्फोट हो रहे हैं। इन विस्फोटों के दौरान क्रेटर से लावा, राख और तप्त ज्वालामुखीय पदार्थ बाहर निकल रहे हैं।

इस ज्वालामुखी विस्फोट के कारण रविवार और सोमवार को हवाईअड्डे बंद रहे, जिससे करीब 2,961 उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें 622 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं और लगभग 3.41 लाख यात्री प्रभावित हुए।

एपी तान्या वैभव

वैभव


लेखक के बारे में