नेपाल बाढ़ और एअर इंडिया को लेकर ‘नस्लवादी’ टिप्पणियों पर सिंगापुर पुलिस ने पांच लोगों से पूछताछ की

नेपाल बाढ़ और एअर इंडिया को लेकर ‘नस्लवादी’ टिप्पणियों पर सिंगापुर पुलिस ने पांच लोगों से पूछताछ की

नेपाल बाढ़ और एअर इंडिया को लेकर ‘नस्लवादी’ टिप्पणियों पर सिंगापुर पुलिस ने पांच लोगों से पूछताछ की
Modified Date: September 9, 2026 / 12:51 pm IST
Published Date: September 9, 2026 12:51 pm IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, नौ सितंबर (भाषा) सिंगापुर पुलिस ने नेपाल में आई बाढ़ और एअर इंडिया में सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) के निवेश से संबंधित कथित नस्लवादी ऑनलाइन टिप्पणियों के मामले में पांच लोगों से पूछताछ की है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ मंत्री के. षणमुगम की शनिवार को की गई घोषणा के बाद हुई है। उन्होंने कहा था कि नेपाल-तिब्बत में अचानक आई बाढ़ की आपदा और एसआईए द्वारा एअर इंडिया में किए गए निवेश को लेकर ऑनलाइन की गईं “शर्मनाक” नस्लवादी और विदेशियों के प्रति घृणा से भरी टिप्पणियों की पुलिस जांच कर रही है।

‘चैनल न्यूज एशिया’ के अनुसार, पुलिस ने बुधवार को पुष्टि की कि उसे दोनों मामलों से संबंधित ऑनलाइन टिप्पणियों के बारे में शिकायतें मिली हैं और वह उनकी जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि इन टिप्पणियों के संबंध में 29 से 66 वर्ष की आयु के पांच लोगों की पहचान की गई है और उनसे पूछताछ की गई है। पुलिस ने कहा, “हम जांच जारी रखेंगे और इन ऑनलाइन टिप्पणियों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करेंगे।”

पुलिस ने कहा कि ऐसे व्यवहार को गंभीरता से लिया जाता है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं या विभिन्न नस्ल वाले समूहों के बीच दुश्मनी और दुर्भावना भड़क सकती है।

पुलिस ने यह भी कहा कि जांच जारी होने के कारण वह फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं कर सकती।

गृह मामलों के मंत्री षणमुगम ने शनिवार को लापता सिंगापुरवासियों के बारे में ऑनलाइन की गई कई नस्लवादी टिप्पणियों के उदाहरण दिए। इनमें “नहीं, वे हमारे अपने नहीं हैं”, “मुझे यहां केवल भारतीय चेहरे दिख रहे हैं। छोड़ो, बचाव अभियान रोक दो” और “सभी एबीएनएन एक जैसे दिखते हैं, एआई कैसे पहचान करेगा?” जैसी टिप्पणियां शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि “एबीएनएन” भारतीयों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला अपमानजनक शब्द है।

उन्होंने कहा कि 1,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और कुछ सिंगापुरवासियों का अब भी पता नहीं चल पाया है, फिर भी इस तरह की टिप्पणियां ऑनलाइन प्रसारित हो रही हैं।

षणमुगम ने कहा कि एअर इंडिया द्वारा एसआईए समेत अपने शेयरधारकों से नई पूंजी जुटाने की खबरों के बाद “भारत-विरोधी और नस्लवादी टिप्पणियों की एक नई लहर” भी सामने आई, ।

एसआईए की टाटा समूह के साथ साझेदारी के माध्यम से एअर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

षणमुगम ने कहा कि डिजिटल विकास एवं सूचना मंत्रालय सोशल मीडिया मंचों से दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वाली टिप्पणियों को हटाने के लिए कहेगा।

प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने भी ऑनलाइन की गई नस्लवादी टिप्पणियों पर चिंता जताई और कहा कि सिंगापुर को किसी भी समुदाय के प्रति पूर्वाग्रह को स्वीकार्य नहीं करना चाहिए या इसे आम बात नहीं बनने देना चाहिए।

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में