रूस ने क्रीमिया पर यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले की पुष्टि की
रूस ने क्रीमिया पर यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले की पुष्टि की
मॉस्को, 26 जून (एपी) रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि उसने 12 रूसी क्षेत्रों के ऊपर, साथ ही अवैध रूप से कब्जाए गए क्रीमिया, अज़ोव सागर और काला सागर क्षेत्र में रातभर में यूक्रेन के 660 ड्रोन को बीच में रोक कर उन्हें नष्ट कर दिया।
रूस की ओर से 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर आक्रमण के बाद से इसे सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है।
पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन ने रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा केन्द्रों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों से रूस में ईंधन की कमी और सैन्य आपूर्ति लाइनों में बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध में मॉस्को के सैन्य अभियानों पर असर पड़ा है।
मॉस्को के दक्षिण में स्थित तुला क्षेत्र में एक निजी घर इस हमले में क्षतिग्रस्त हो गया और एक महिला घायल हो गई। क्षेत्रीय गवर्नर दिमित्री मिल्यायेव ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बिजली की लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है और नोवोमोस्कोव्स्क शहर में एक अज्ञात औद्योगिक इकाई को नुकसान पहुंचा है।
रूस के स्वतंत्र ऑनलाइन माध्यम ‘एस्ट्रा’ ने अपनी खबर में कहा कि नोवोमोस्कोव्स्क में एक रासायनिक संयंत्र और एक जलविद्युत संयंत्र पर भी हमला हुआ और उनमें आग लग गई। अधिकारियों की ओर से भी इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने भी बताया कि राजधानी की ओर उड़ रहे 47 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि उन्होंने किसी प्रकार की जनहानि या क्षति की जानकारी नहीं दी।
एपी शोभना वैभव
वैभव

Facebook


