रूस ने टेलीग्राम ऐप के संस्थापक पावेल डुरोव के खिलाफ जांच शुरू की

Ads

रूस ने टेलीग्राम ऐप के संस्थापक पावेल डुरोव के खिलाफ जांच शुरू की

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 10:21 AM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 10:21 AM IST

मॉस्को, 25 फरवरी (एपी) टेलीग्राम ऐप के संस्थापक पावेल डुरोव ने मंगलवार को दावा किया कि रूस की सरकार ने उनके खिलाफ “आतंकवादी गतिविधियों में सहायता करने” के आरोप में आपराधिक जांच शुरू की है।

रूस में जन्मे और इसी देश में अपना कॅरियर शुरू करने वाले डुरोव ने मॉस्को पर आरोप लगाया कि वह टेलीग्राम तक रूसी नागरिकों की पहुंच सीमित करने के लिए मनगढ़ंत बहाने बना रहा है।

रूसी मीडिया में इससे पहले अपुष्ट खबरें आई थीं कि रूस की संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने डुरोव के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू कर दी है। यह घटनाक्रम उस बयान के दो सप्ताह बाद सामने आया है जब रूस के संचार नियामक रोसकॉमनादजोर ने टेलीग्राम पर प्रतिबंधात्मक कदम उठाने की घोषणा की थी और इस ऐप पर रूसी कानूनों का पालन न करने का आरोप लगाया था।

टेलीग्राम पर कार्रवाई के फैसले से देश में असामान्य सार्वजनिक विरोध देखने को मिला। यहां तक कि क्रेमलिन समर्थित कई सैन्य ब्लॉग लेखकों ने भी इसकी आलोचना की और चेतावनी दी कि यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के बीच टेलीग्राम व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है, ऐसे में इसकी सेवाओं में बाधा सैन्य संचार को प्रभावित कर सकती है।

इसके बावजूद रूसी अधिकारी टेलीग्राम को सुरक्षा के लिए जोखिम बताते आ रहे हैं।

डिजिटल विकास मंत्री मकसूद शादायेव ने समाचार एजेंसी इंटरफैक्स से कहा कि विदेशी खुफिया एजेंसियां मोर्चे पर तैनात रूसी सैनिकों द्वारा टेलीग्राम से भेजे गए संदेशों को पढ़ सकती हैं।

क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि एफएसबी ने टेलीग्राम की ओर से “कई उल्लंघनों” और ऐसे कंटेंट की जानकारी जुटाई है जो “देश के लिए संभावित खतरा” हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी अधिकारियों के साथ सहयोग करने को तैयार नहीं है।

एपी राखी वैभव

वैभव