कीव, छह जुलाई (एपी) रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाकर रविवार रातभर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिनमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह हमला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा राजधानी कीव पर रूस के एक और बड़े हमले की आशंका जताए जाने के कुछ घंटों बाद हुआ।
कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में बताया कि पोदिल्स्की जिले में एक आवासीय इमारत का हिस्सा ढह गया। वहीं, दार्नित्सिया जिले में कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
यह हमला सोमवार तड़के तक जारी रहा और इस दौरान रूस ने एक के बाद एक बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ ड्रोन से हमले किए। पूरे शहर में विस्फोटों की गूंज सुनाई देती रही, जबकि जान बचाने के लिए लोगों को मेट्रो स्टेशनों में शरण लेनी पड़ी।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कुछ घंटे पहले ही नागरिकों को सचेत किया था कि रूस राजधानी कीव पर एक और भीषण हमला कर सकता है। सोमवार का यह हमला पिछले सप्ताह कीव पर रूस के भीषण हमले के कुछ ही दिनों बाद हुआ है, जिसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रविवार देर रात ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में पश्चिमी सहयोगी देशों से यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को और मजबूत करने की अपील दोहराई। उन्होंने विशेष रूप से अधिक पैट्रियट मिसाइलें उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि इन मिसाइलों की कमी पूरी नहीं की गई, तो इससे रूस का मनोबल बढ़ेगा तथा वह चार वर्षों से जारी इस युद्ध को और लंबा खींचने से पीछे नहीं हटेगा।
एपी खारी सुरभि
सुरभि