रूस के विदेश मंत्री भारत यात्रा के दौरान जयशंकर से मुलाकात करेंगे

रूस के विदेश मंत्री भारत यात्रा के दौरान जयशंकर से मुलाकात करेंगे

रूस के विदेश मंत्री भारत यात्रा के दौरान जयशंकर से मुलाकात करेंगे
Modified Date: May 12, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: May 12, 2026 10:24 pm IST

मॉस्को, 12 मई (भाषा) रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए इस सप्ताह नयी दिल्ली का दौरा करेंगे, जहां वह अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। रूस के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों नेता मौजूदा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

बयान में कहा गया, “पश्चिम एशिया की स्थिति पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।”

मंत्रालय के अनुसार दोनों मंत्री द्विपक्षीय सहयोग के कई प्राथमिक क्षेत्रों पर भी चर्चा करेंगे। इनमें व्यापार विस्तार, परिवहन, साजो-सामान और बाहरी दबाव से परे वित्तीय लेनदेन, ऊर्जा सहयोग तथा विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाना शामिल है।

बयान में कहा गया कि दोनों मंत्री दिसंबर 2025 में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान हुए समझौतों के क्रियान्वयन, रूस में दोनों देशों के नेताओं के बीच होने वाली आगामी वार्ता की तैयारियों तथा व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी आयोग की अगली बैठक पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

बयान में कहा गया, “रूस और भारत की स्वतंत्र तथा जिम्मेदार विदेश नीतियां वैश्विक सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कारक हैं।”

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में