सैन डिएगो: मस्जिद में गोलीबारी में तीन की मौत, घटना से पहले संदिग्ध किशोरों की तलाश कर रही थी पुलिस

Ads

सैन डिएगो: मस्जिद में गोलीबारी में तीन की मौत, घटना से पहले संदिग्ध किशोरों की तलाश कर रही थी पुलिस

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 01:46 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 01:46 PM IST

सैन डिएगो, 19 मई (एपी) अमेरिका के सैन डिएगो स्थित एक मस्जिद में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत से पहले पुलिस दो किशोरों की तलाश कर रही थी, जिन पर इस हमले का आरोप है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सैन डिएगो पुलिस प्रमुख स्कॉट वाल ने बताया कि एक किशोर की मां ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका बेटा आत्मघाती प्रवृत्ति से पीड़ित है और घर से भाग गया है। महिला ने यह भी बताया कि घर से हथियार और उसका वाहन भी गायब है।

उन्होंने कहा कि करीब दो घंटे बाद सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर में गोलीबारी शुरू हुई, जो उस घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है।

पुलिस के अनुसार, 17 और 18 वर्ष के दोनों संदिग्धों ने घटना के बाद घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक वाहन में आत्महत्या कर ली।

अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच के तहत मंगलवार को तलाशी वारंट जारी किए जाने की योजना है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमला कैसे और क्यों हुआ।

वाल ने कहा कि इस्लामिक सेंटर को लेकर कोई विशेष धमकी नहीं दी गई थी, लेकिन जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे पता चलता है कि संदिग्ध “नफरत फैलाने वाली बयानबाजी” में शामिल थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच ‘घृणा अपराध’ के तौर पर की जा रही है।

सैन डिएगो का यह इस्लामिक सेंटर शहर की सबसे बड़ी मस्जिद है, जहां सामान्य तौर पर दिन में पांच बार नमाज अदा की जाती है। घटना के बाद केंद्र को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है।

एपी

मनीषा अमित

अमित