कराची, नौ जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के कराची से 300 किलोमीटर पश्चिम में अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हुए मालवाहक विमान में सवार चालक दल के पांच लापता सदस्यों की तलाश बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही।
कराची की निजी विमानन कंपनी ‘के2 एयरवेज’ का बोइंग 737 मालवाहक विमान मंगलवार रात शारजाह से कराची की उड़ान के दौरान तेजी से नीचे उतरते और अचानक दिशा बदलते हुए देखे जाने के बाद रडार से गायब हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को बलूचिस्तान तट पर ओरमारा से 53 समुद्री मील दक्षिण में विमान का मलबा बरामद किया गया।
हालांकि, चालक दल के लापता पांचों सदस्यों का कोई पता नहीं चल सका।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
एक सूत्र ने बताया, “ तलाशी अभियान की सफलता के बारे में कोई समय-सीमा नहीं बताई जा सकती, क्योंकि इसमें कई महीने या यहां तक कि कई साल भी लग सकते हैं।”
‘के2 एयरवेज’ ने चालक दल के लापता सदस्यों की पहचान कैप्टन मोहम्मद रिजवान इदरीस, फर्स्ट ऑफिसर फैसल जटोई, फ्लाइट इंजीनियर मोहम्मद हामिद और मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी तथा विमान लोडर मोहम्मद तौफीक खान के रूप में की है। पाकिस्तान विमानन प्राधिकरण के एक सूत्र ने बताया, “इस बात की संभावना बहुत कम है कि पांचों सदस्य दुर्घटना में जीवित बचे हों।”
मलबा बरामद होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने उस इलाके को घेर लिया और जांच तथा सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश