कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में सुरक्षा बढ़ाई गई

कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में सुरक्षा बढ़ाई गई

कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में सुरक्षा बढ़ाई गई
Modified Date: March 8, 2026 / 08:47 pm IST
Published Date: March 8, 2026 8:47 pm IST

कराची, आठ मार्च (भाषा) इजराइल-अमेरिका के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हाल में हुई झड़पों के बाद पाकिस्तान के सिंध प्रांत की सरकार ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाकर 1,000 से अधिक कर दी है।

कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास का सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश में एक मार्च को 12 से अधिक प्रदर्शनकारी मारे गए और लगभग 47 अन्य घायल हो गए। लाहौर और इस्लामाबाद में भी इसी तरह के प्रदर्शन हुए थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि वाणिज्य दूतावास पर हमले के बाद पुलिस और रेंजर्स कर्मियों की संख्या लगभग 100 से बढ़ाकर 1,088 कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमजद अहमद शेख ने बताया कि पिछले रविवार को करीब 300 लोगों की भीड़ द्वारा की गई हिंसा के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

सरकार ने इस घटना की जांच के लिए एक न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है, जिसकी पहली बैठक शनिवार को हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने 150 से 200 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आतंकवाद, हत्या और हत्या के प्रयास के तीन मामले दर्ज किए हैं और जांच के लिए एक समिति का गठन किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने न्यायिक जांच आयोग को बताया है कि ईरान पर अमेरिकी और इजराइली हमलों में खामेनेई की मौत होने के विरोध में लगभग 3,000 लोग एकत्र हुए थे।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में