फ्रांस में भीषण गर्मी का प्रकोप, ‘रेड अलर्ट’ जारी
फ्रांस में भीषण गर्मी का प्रकोप, ‘रेड अलर्ट’ जारी
पेरिस, 23 जून (एपी) फ्रांस में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने के बीच मंगलवार को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया।
तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ राष्ट्रीय मौसम सेवा ‘मेटियो फ्रांस’ ने देश के लगभग आधे हिस्से के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने एक आपात बैठक के बाद कहा कि पिछले बृहस्पतिवार से डूबने की घटनाओं में जान गंवाने वाले 40 लोगों में अधिकतर युवा थे।
‘मेटियो फ्रांस’ ने आगामी दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने और भीषण गर्मी का अनुमान जताया है।
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा, ‘‘भीषण गर्मी की यह स्थिति कम से कम सप्ताह के अंत तक बनी रहने की आशंका है, और कई शहरों में दिन के समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा। तापमान के और भी नए रिकॉर्ड बनने की आशंका है, जिनमें से कुछ तो पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।’’
इस बार की गर्मी की तुलना अगस्त 2003 की भीषण गर्मी से की जा रही है, जब आधी सदी से अधिक समय में दर्ज किए गए सबसे अधिक तापमान के कारण अनुमानित तौर पर 15,000 लोगों की मौत हुई थी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के यूरोप कार्यालय ने इस महीने कहा था कि पिछले चार वर्षों में पूरे यूरोप में गर्मी से जुड़ी घटनाओं से 200,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई, और इनमें से ज़्यादातर मौतें रोकी जा सकती थीं।
एपी आशीष नरेश
नरेश

Facebook


