पीओके में हिंसा, धांधली के आरोपों के बीच चुनाव में शरीफ की पीएमएल-एन की बड़ी जीत

पीओके में हिंसा, धांधली के आरोपों के बीच चुनाव में शरीफ की पीएमएल-एन की बड़ी जीत

पीओके में हिंसा, धांधली के आरोपों के बीच चुनाव में शरीफ की पीएमएल-एन की बड़ी जीत
Modified Date: August 3, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: August 3, 2026 7:05 pm IST

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, तीन अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में हुए चुनावों के दूसरे चरण में पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) ने जबरदस्त जीत हासिल की। ​​पार्टी ने चुनाव वाली 18 में से 14 सीटें जीतीं, जिससे उसे इस इलाके में सरकार बनाने का मौका मिलेगा।

पीओके के चुनाव आयुक्त गुलाम मुस्तफा मुगल ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान पीपल्स पार्टी ने बाकी चार सीटें जीतीं।

पीओके में जारी चुनावों का दूसरा चरण रविवार को हिंसा और धांधली के आरोपों के बीच हुआ। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

मुगल ने बताया कि जिन तीन और सीटों पर रविवार को मतदान होना था, वहां अब मंगलवार को मत डाले जाएंगे। उन्होंने बताया, “भूस्खलन और खराब मौसम की वजह से सड़कें बंद हो गईं, जिससे मतदान कर्मी और चुनाव सामग्री चुनाव क्षेत्र तक नहीं पहुंच पायी।”

पीओके की तथाकथित विधानसभा की 45 सीटों के लिए चुनाव 27 जुलाई से 10 अगस्त के बीच तीन चरणों में हो रहे हैं।

भारत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का पूरा केंद्र-शासित क्षेत्र उसके अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं। नयी दिल्ली का यह भी कहना है कि पाकिस्तान ने इन केंद्र-शासित क्षेत्रों के कुछ हिस्सों पर “गैर-कानूनी और जबरन कब्जा” कर रखा है।

पिछले हफ्ते, भारत ने पीओके में हो रहे चुनावों को इस्लामाबाद की एक ऐसी कोशिश बताया जिसके जरिए वह इलाके पर अपने गैर-कानूनी कब्जे को छिपाने और मानवाधिकारों के “गंभीर” उल्लंघनों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहा है।

नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “अभी जो चुनावी दिखावा किया जा रहा है, वह पाकिस्तान की ओर से इलाके पर अपने अवैध कब्जे और वहां मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन को छिपाने की कोशिश के अलावा और कुछ नहीं है।”

पहले चरण में 27 जुलाई को हुए ‘एस्टैब्लिशमेंट समर्थित पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने 13 में से नौ सीटें जीतीं, जबकि बाकी सीटें पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) ने जीतीं।

दोनों चरणों को मिलाकर देखें तो पीएमएल-एन ने 23 सीटें जीती हैं – जो चुनाव वाली कुल 45 सीटों में बहुमत का आंकड़ा है – जबकि अभी चुनाव का एक और चरण होना बाकी है।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में