सियान हेडर की ‘बीइंग ह्यूमैन’ से होगी टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत
सियान हेडर की ‘बीइंग ह्यूमैन’ से होगी टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत
लॉस एंजिलिस, आठ जुलाई (भाषा) ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता सियान हेडर की दिव्यांग अधिकारों पर आधारित फिल्म ‘बीइंग ह्यूमैन’ से 51वें टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) की शुरुआत होगी। महोत्सव के आयोजकों ने इसकी घोषणा की है।
महोत्सव के आयोजकों ने मंगलवार शाम को एक बयान में कहा कि इस फिल्म में रूथ मैडली दिवंगत दिव्यांग अधिकार कार्यकर्ता जूडिथ ह्यूमैन की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का ‘वर्ल्ड प्रीमियर’ 10 सितंबर को टोरंटो के रॉय थॉमसन हॉल में महोत्सव की पहली रात्रि में होगा।
जूडिथ ह्यूमैन के संस्मरण पर आधारित ‘बीइंग ह्यूमैन’ में उस ऐतिहासिक आंदोलन को दिखाया गया है, जिसमें उन्होंने 100 से अधिक दिव्यांग लोगों का नेतृत्व करते हुए 28 दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन का उद्देश्य अमेरिकी पुनर्वास अधिनियम के उन प्रावधानों को लागू कराना था जिनके तहत संघीय सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों को दिव्यांगजनों के लिए सुलभ बनाया जाना अनिवार्य है।
यह फिल्म ‘कोडा’ के बाद हेडर की पहली फीचर फिल्म है। ‘कोडा’ का 2021 में सनडांस फिल्म महोत्सव में प्रीमियर हुआ था और बाद में इसने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) जीता था।
टीआईएफएफ ने सिंथिया एरिवो अभिनीत ‘प्राइमा फेसी’ और दक्षिण कोरियाई फिल्मकार हर जिन-हो की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर आधारित थ्रिलर ‘द असैसिन (एस)’ के ‘वर्ल्ड प्रीमियर’ की भी घोषणा की।
टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 51वां संस्करण 10 से 20 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव

Facebook


