अदालत के कुछ फैसलों के कारण प्रौद्योगिकी के विकास पर नकारात्मक असर पड़ा : पाकिस्तान के मंत्री

Ads

अदालत के कुछ फैसलों के कारण प्रौद्योगिकी के विकास पर नकारात्मक असर पड़ा : पाकिस्तान के मंत्री

  •  
  • Publish Date - February 17, 2021 / 03:47 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:46 PM IST

इस्लामाबाद, 17 फरवरी (भाषा) दुनिया में डिजिटल क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलाव का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान के एक मंत्री ने बुधवार को कहा कि पूर्व में तकनीकी मामलों पर कुछ अदालतों के फैसलों से देश के प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विकास पर नकारात्मक असर पड़ा।

पाकिस्तान के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद चौधरी रावलपिंडी में फातिमा जिन्ना महिला विश्वविद्यालय में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘न्यायाधीशों को प्रौद्योगिकी मामलों से जुड़े मामलों की सुनवाई में दखल से बचना चाहिए क्योंकि पूर्व के कुछ फैसलों के कारण डिजिटल और प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ पाकिस्तान के संबंधों पर असर पड़ा।’’

उन्होंने पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (पीटीए) के पिछले साल चीनी वीडियो शेयरिंग एप टिकटॉक पर पाबंदी लगाने की आलोचना की।

अनैतिक विषयवस्तु को लेकर कई शिकायतें मिलने के बाद पिछले साल अक्टूबर में एप पर पीटीए ने रोक लगा दी थी। कंपनी द्वारा अनैतिक विषयवस्तु को हटाने का आश्वासन दिए जाने के बाद पाबंदी हटायी गयी।

चौधरी ने कहा कि न्यायाधीशों के साथ अपनी बैठक में उन्होंने कहा था कि प्रौद्योगिकी और डिजिटल क्षेत्र की कंपनियों के लिए डर का माहौल बनाना ठीक नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है और सरकार को अगले 10-15 वर्ष में होने वाले परिवर्तन को ध्यान में रखकर कोई फैसला करना चाहिए।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश