स्पेन के प्रधानमंत्री ने फिर की ईरान युद्ध की आलोचना
स्पेन के प्रधानमंत्री ने फिर की ईरान युद्ध की आलोचना
मेड्रिड, चार मार्च (एपी) स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ईरान में अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाइयों की एक बार फिर आलोचना की और आगाह किया कि युद्ध में लाखों लोगों के जीवन के साथ एक खतरनाक खेल खेला जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंम ने स्पेन के साथ अमेरिकी व्यापार को समाप्त करने की मंगलवार को धमकी दी क्योंकि स्पेन ने ईरान पर हमलों में अमेरिका को संयुक्त सैन्य अड्डों का उपयोग करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
सांचेज़ ने टेलीविज़न पर अपने संबोधन में कहा, ‘‘हम किसी प्रतिशोध के डर से किसी ऐसी चीज़ में शामिल नहीं होने जा रहे हैं जो दुनिया के लिए बुरा है और हमारे मूल्यों और हितों के विपरीत है।’’
यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप यूरोपीय संघ के सदस्य स्पेन के साथ व्यापार कैसे बंद करेंगे। यूरोपीय संघ अपने सभी 27 सदस्यों की ओर से व्यापार पर बातचीत करता है।
यूरोपीय संघ ने बुधवार को कहा कि वह अपने हितों की रक्षा करेगा और अमेरिका के साथ व्यापार संबंधों को स्थिर करने के लिए काम करेगा। उसने ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ पर महीनों की आर्थिक अनिश्चितता के बाद पिछले साल अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किया था।
यूरोपीय आयोग के प्रवक्ता ओलोफ़ गिल ने कहा, ‘‘हम सभी सदस्य देशों और उनके सभी नागरिकों के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं और अपनी व्यापार नीति के माध्यम से, यूरोपीय संघ के हितों की रक्षा के लिए यदि आवश्यक हो तो जरूरी कदम उठाने के लिए तैयार हैं।’
स्पेन के इनकार के बावजूद, ट्रंप ने मंगलवार को दक्षिणी स्पेन में दो सैन्य ठिकानों का जिक्र करते हुए कहा था, ‘‘अगर हम चाहें तो हम उनके उन अड्डों का उपयोग कर सकते हैं, जो अमेरिका और स्पेन साझा करते हैं… लेकिन हमें ऐसा करने की आवश्यकता नहीं है।’
भाषा
हक हक सुभाष
सुभाष

Facebook


