‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने शुरुआती सप्ताहांत की कमाई में ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड तोड़ा

'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने शुरुआती सप्ताहांत की कमाई में 'एवेंजर्स: एंडगेम' का रिकॉर्ड तोड़ा

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने शुरुआती सप्ताहांत की कमाई में ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड तोड़ा
Modified Date: August 4, 2026 / 01:29 pm IST
Published Date: August 4, 2026 1:29 pm IST

लॉस एंजिलिस, चार अगस्त (एपी) फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने उत्तरी अमेरिका में शुरुआती सप्ताहांत की टिकट बिक्री के मामले में ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

सोनी पिक्चर्स ने बताया कि अमेरिका और कनाडा के सिनेमाघरों में पहले सप्ताहांत में फिल्म की 36 करोड़ अमेरिकी डॉलर की टिकट बिकी हैं, जो उत्तरी अमेरिका में किसी भी फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी शुरुआती सप्ताहांत की कमाई है।

सोनी ने रविवार को अनुमान लगाया था कि 4,487 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई यह फिल्म पहले सप्ताहांत में लगभग 35.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कमाई करेगी, जो वर्ष 2019 में ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ द्वारा बनाए गए 35.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे होती।

लेकिन, अभिनेता टॉम हॉलैंड अभिनीत ‘स्पाइडर-मैन’ शृंखला की चौथी फिल्म ने रविवार को उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया और अंततः ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

सोनी पिक्चर्स मोशन पिक्चर ग्रुप के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम रोथमैन ने सोमवार को जारी बयान में कहा, ‘‘रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं, लेकिन जब तक यह रिकॉर्ड हमारे नाम रहेगा, हमें इस पर गर्व रहेगा।’’

‘एवेंजर्स: एंडगेम’ से पहले किसी भी फिल्म ने उत्तरी अमेरिका में शुरुआती सप्ताहांत में 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की कमाई नहीं की थी।

इससे पहले ‘एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर’ ने वर्ष 2018 में 25.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर और ‘स्टार वार्स: द फोर्स अवेकेन्स’ ने वर्ष 2015 में 24.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर की शुरुआती कमाई की थी।

कोविड-19 महामारी के दौरान दिसंबर 2021 में रिलीज हुई टॉम हॉलैंड की तीसरी स्पाइडर-मैन फिल्म ‘नो वे होम’ ने शुरुआती सप्ताहांत में 26 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कमाई की थी और बाद में दुनिया भर में 190 करोड़ अमेरिकी डॉलर का कारोबार किया था।

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘द ओडिसी’ की शानदार कमाई ने अमेरिका और कनाडा के सिनेमाघरों के लिए भी रिकॉर्ड सप्ताहांत दर्ज कराया। इन दोनों फिल्मों में टॉम हॉलैंड, ज़ेंडाया और जॉन बर्नथल ने अभिनय किया है।

बॉक्स ऑफिस विश्लेषण संस्था रेनट्रैक के अनुसार, इस वर्ष अब तक अमेरिका और कनाडा के घरेलू बॉक्स ऑफिस पर टिकट बिक्री 15 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है और कुल टिकट बिक्री 6.2 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक पहुंच गई है।

एपी मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में