कोयला आयात के मुद्दे पर श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री ने इस्तीफा दिया

कोयला आयात के मुद्दे पर श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री ने इस्तीफा दिया

कोयला आयात के मुद्दे पर श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री ने इस्तीफा दिया
Modified Date: April 17, 2026 / 08:02 pm IST
Published Date: April 17, 2026 8:02 pm IST

कोलंबो, 17 अप्रैल (भाषा) श्रीलंका के ऊर्जा मंत्री कुमार जयकोडी ने कोयला आयात मामले को लेकर शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया।

सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी द्वारा ऊर्जा उत्पादन के वास्ते कोयला आयात को लेकर आरोपों की जांच के लिए उच्च स्तरीय आयोग गठित किए जाने की घोषणा के बाद जयकोडी ने पद से इस्तीफा दे दिया।

जयकोडी को पिछले सप्ताह अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ा था। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के बाद 2024 के अंत में निर्वाचित हुई एनपीपी सरकार में इस्तीफा देने वाले वह पहले व्यक्ति हैं।

राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के कार्यालय ने बताया कि जयकोडी के साथ-साथ मंत्रालय के सचिव उदयंगा हेमपाला ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

राष्ट्रपति के मीडिया विभाग के अनुसार, यह कदम कोयला आयात से संबंधित मामलों की जांच के लिए राष्ट्रपति द्वारा गठित विशेष आयोग की जांच को सुगम बनाने के लिए उठाया गया है।

आयोग द्वारा की जाने वाली जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या कोयले के आयात से देश के खजाने को नुकसान हुआ या स्वीकृत खरीद प्रक्रियाओं का पालन किया गया है।

श्रीलंका कोयले के आयात पर पूरी तरह निर्भर है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यह औसतन प्रति वर्ष लगभग 25 लाख टन कोयला इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से आयात करता है। इसके अलावा भारत से भी थोड़ी मात्रा में आयात करता है।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में