कोलंबो, 24 अगस्त (भाषा) श्रीलंका में 2026 के पहले सात महीनों में पर्यटकों की संख्या पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 1.8 प्रतिशत घटकर 13.4 लाख रह गई। हालांकि, इस द्वीपीय देश में सबसे अधिक पर्यटक भारत से ही गये।
श्रीलंका पर्यटन विकास प्राधिकरण द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से जुलाई के बीच 3,38,000 से अधिक भारतीय पर्यटक श्रीलंका पहुंचे, जो पिछले साल की इसी अवधि के 2,79,122 के मुकाबले 21.2 प्रतिशत अधिक है।
पर्यटन विकास प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि जनवरी-जुलाई 2026 के दौरान श्रीलंका में कुल 13.4 लाख पर्यटक पहुंचे, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले करीब 1.8 प्रतिशत कम है।
प्राधिकरण ने कहा कि भारतीय पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने कुल पर्यटक आगमन में इससे भी बड़ी गिरावट को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उसने कहा कि पर्यटकों की संख्या में गिरावट का एक प्रमुख कारण पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष है, न कि श्रीलंका का पर्यटन स्थल के रूप में आकर्षण कम होना।
भारत के अलावा ब्रिटेन, चीन, रूस और जर्मनी श्रीलंका के शीर्ष पांच पर्यटक बाजारों में शामिल हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, श्रीलंका में कारोबारी पर्यटन के क्षेत्र में भी भारत से आने वाले पर्यटकों की हिस्सेदारी सबसे अधिक 4.8 प्रतिशत रही। बैठकों, प्रोत्साहन यात्राओं, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों (एमआईसीई) से जुड़े पर्यटन में भारतीय पर्यटकों की हिस्सेदारी 7.7 प्रतिशत रही।
भाषा मनीषा माधव
माधव