(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 24 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक मस्जिद के भीतर सांप्रदायिक हमले में एक सुन्नी मौलवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना रविवार तड़के लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर गुजरात के शादिवाल कस्बे में हुई।
पुलिस के अनुसार, सुन्नी मौलवी मुहम्मद तल्हा रजा मस्जिद में थे, तभी चार हथियारबंद लोगों ने अंदर घुसकर उन पर गोलियां चला दीं। पुलिस के अनुसार हमले में रजा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने कहा, ‘‘मौत से पहले रजा ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने गुजरात में शिया समुदाय से ताल्लुक रखने वाले आसिफ शाह की जनाजे की नमाज पढ़ाने को लेकर एक इमाम कारी असलम के खिलाफ फतवा जारी किया था।’’
पुलिस ने कहा, ‘‘रजा के मुताबिक, इसके बाद से उन्हें संदिग्धों की ओर से धमकियां मिल रही थीं, जिनमें कारी असलम और कासिम शाह (आसिफ शाह का बेटा) शामिल हैं।’’
पुलिस के अनुसार, रजा ने अपने फतवे में कहा था कि किसी शिया व्यक्ति के जनाजे की नमाज पढ़ाना गैर-इस्लामिक है। पुलिस के अनुसार संदिग्धों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है।
भाषा
अमित नरेश
नरेश