होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए ‘पूरी तरह से खुला’ है्: ईरान

होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए 'पूरी तरह से खुला' है्: ईरान

होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए ‘पूरी तरह से खुला’ है्: ईरान
Modified Date: April 17, 2026 / 08:58 pm IST
Published Date: April 17, 2026 8:58 pm IST

तेहरान/वाशिंगटन, 17 अप्रैल (भाषा) ईरान ने शुक्रवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए ‘‘पूरी तरह से खुला’’ है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कदम का स्वागत किया है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लेबनान में हुए संघर्षविराम के मद्देनजर, होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए मार्ग युद्धविराम की शेष अवधि के लिए पूरी तरह से खुला घोषित किया गया है।’’

अराघची ने हालांकि कहा कि जहाजों को ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा ‘‘पहले से घोषित मार्ग’’ पर ही चलना होगा।

इसके कुछ मिनट बाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में इस घोषणा को साझा किया।

इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को फिर से खोलने की घोषणा राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा लेबनान और इजराइल के बीच 10 दिवसीय संघर्षविराम की घोषणा के एक दिन बाद की गई है।

दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने मध्य रात्रि के बाद से कोई हवाई हमला नहीं देखा है, लेकिन उन्होंने इजराइली सेना पर दक्षिणी लेबनान में हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने और गोलाबारी करने का आरोप लगाया।

इस मामले मे इजराइली सेना ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। इस बीच ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ईरान ने अभी-अभी घोषणा की है कि ईरान जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और आवागमन के लिए पूरी तरह से तैयार है। धन्यवाद!’’

अमेरिका और इजराइल के साथ संघर्ष के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से अवरुद्ध कर दिया था, जिससे वैश्विक ईंधन आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई थी।

ट्रंप ने हालांकि कहा कि ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी तब तक ‘‘पूरी ताकत’’ से जारी रहेगी जब तक तेहरान युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका के साथ किसी समझौते पर नहीं पहुंच जाता।

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य ‘‘पूरी तरह से खुला है और व्यापार और आवागमन के लिए तैयार है, लेकिन ईरान के संबंध में नौसैनिक नाकेबंदी तब तक पूरी तरह से लागू रहेगी जब तक ईरान के साथ हमारा समझौता शत प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता। यह प्रक्रिया बहुत तेजी से आगे बढ़नी चाहिए क्योंकि अधिकांश बिंदुओं पर पहले ही बातचीत हो चुकी है।’’

यह घटनाक्रम पाकिस्तान के रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर द्वारा तेहरान में शीर्ष ईरानी नेतृत्व के साथ वार्ता करने के एक दिन बाद सामने आया है। यह वार्ता इस्लामाबाद द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष को सुलझाने के प्रयासों के तहत हुई थी।

मुनीर ने ईरान में एक उच्च स्तरीय राजनीतिक-सुरक्षा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उन्होंने बृहस्पतिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ और शीर्ष रिवोल्यूशनरी गार्ड कमांडरों से मुलाकात की थी।

गालिबफ ने सप्ताहांत में अमेरिका के साथ वार्ता के लिए पाकिस्तान गए ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। उन्होंने अमेरिका से लेबनान में किसी भी शांति समझौते के प्रति प्रतिबद्ध होने का आग्रह किया है।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ के अनुसार मुनीर ने रिवोल्यूशनरी गार्ड के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय का भी दौरा किया, जहां उन्होंने इसके कमांडर से मुलाकात की।

ईरान की आधिकारिक मीडिया के अनुसार बैठक के दौरान, उन्होंने आईआरजीसी के कमांडर के साथ युद्ध समाप्त करने के ढांचे के तहत उठाए गए कदमों और तेहरान में हुई हाल की वार्ता पर चर्चा की।

इसके अनुसार दोनों पक्षों ने क्षेत्र की स्थिति और शांति एवं स्थिरता की संभावनाओं पर चर्चा की।

मुनीर ने इस बात पर जोर दिया कि युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रयास जारी रहने चाहिए।

ईरानी मीडिया ने बताया था कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा का उद्देश्य ईरानी नेतृत्व को अमेरिका का संदेश देना और वार्ता के अगले दौर की योजना बनाना था।

अमेरिका और ईरान ने सप्ताहांत में संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से पाकिस्तान में वार्ता की थी, लेकिन रविवार सुबह बिना किसी समझौते के वार्ता समाप्त हो गई थी।

पाकिस्तान में आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर वापस लाने के लिए गहन राजनयिक प्रयास किए गए।

सूत्रों ने बताया कि ये प्रयास सफल रहे क्योंकि दोनों पक्ष दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम का पालन कर रहे हैं, जिससे पाकिस्तान को मध्यस्थता के अपने प्रयासों को फिर से शुरू करने का मौका मिल गया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बुधवार को तीन देशों के दौरे पर रवाना हुए थे जबकि फील्ड मार्शल मुनीर तेहरान के लिए रवाना हुए थे।

सऊदी अरब और कतर के नेताओं के साथ चर्चा के बाद, शहबाज बृहस्पतिवार रात तुर्किये पहुंचे, जहां उन्होंने शुक्रवार को ट्रंप के अरब और अफ्रीकी मामलों के वरिष्ठ सलाहकार मसाद बोलोस से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज और बोलोस ने ‘‘क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की, जिसमें पाकिस्तान के शांति प्रयासों पर भी बात हुई, जिनके कारण युद्धविराम हुआ और इसके साथ ही ऐतिहासिक इस्लामाबाद वार्ता पर भी चर्चा हुई।’’

पाकिस्तान के अधिकारियों के अनुसार, वार्ता के दूसरे दौर की तैयारियां ‘‘इस्लामाबाद और पड़ोसी रावलपिंडी में शुरू हो गई हैं क्योंकि बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक कर्मी अन्य प्रांतों से आने लगे हैं।’’

वार्ता के पहले दौर के दौरान 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था।

शांति समझौते की संभावनाओं को और बल तब मिला जब राष्ट्रपति ट्रंप ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से कहा था कि अगर ईरान के साथ समझौता हो जाता है तो वह इस्लामाबाद की यात्रा कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया था कि तेहरान ने वर्तमान में बातचीत के तहत ‘‘लगभग सब कुछ’’ स्वीकार कर लिया है।

नेवादा और एरिजोना के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने व्हाइट हाउस के लॉन में पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर इस्लामाबाद में कोई समझौता हो जाता है, तो मैं जा सकता हूं…वे मुझे चाहते हैं।’’

यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुआ था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई शीर्ष कमांडर मारे गये।

अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की अवधि 21 अप्रैल को समाप्त हो जायेगी।

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में