दमिश्क में बस में हुए विस्फोट में 14 लोग घायल: सीरिया का स्वास्थ्य मंत्रालय
दमिश्क में बस में हुए विस्फोट में 14 लोग घायल: सीरिया का स्वास्थ्य मंत्रालय
जरामना (सीरिया), सात अगस्त (एपी) सीरिया की राजधानी दमिश्क के एक उपनगर में बृहस्पतिवार को हुए विस्फोट में 14 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। सीरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार रात को बताया था कि विस्फोट में दो लोगों की मौत हुई है।
शुक्रवार को जारी एक बयान में मंत्रालय ने कहा कि मलबे से बरामद तीन कटे हुए अंगों के आधार पर मौत का आंकड़ा गलत तरीके से दर्ज कर लिया गया था।
बयान के अनुसार, जांच के बाद यह पता चला कि ये अंग जीवित बचे मरीजों के हैं जिनकी सर्जरी की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जरामना में धमाका एक मिनीवैन टैक्सी में लगाए गए विस्फोटक उपकरण के कारण हुआ। धमाके के समय टैक्सी में यात्री सवार थे।
मिनबर अंसार अल-रसूल नामक एक कम चर्चित समूह ने एक बयान जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। सीरियाई अधिकारियों ने बम विस्फोट मामले में अब तक किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी या जांच के नतीजों की घोषणा नहीं की है।
जरामना में ड्रूज धार्मिक अल्पसंख्यक समुदाय की बड़ी आबादी रहती है। यहां ड्रूज समुदाय के कुछ सदस्यों और देश की इस्लामवादी नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार का समर्थन करने वाले सुन्नी मुसलमानों के बीच तनाव रहा है।
ड्रूज बंदूकधारियों और सरकार समर्थक लड़ाकों के बीच अप्रैल 2025 में सांप्रदायिक झड़पों में कम से कम 10 लोग मारे गए थे।
एक महीने से भी कम समय में बमबारी का यह तीसरा मामला है। सत्ता में आने के बाद से इस तरह की घटनाएं अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के लिए चुनौतियां बन गई हैं। वह दिसंबर 2024 में सत्ता में आए थे, जब उन्होंने असद परिवार के शासन को उखाड़ फेंकने और उनके आधे सदी के राज को खत्म करने वाले विद्रोह का नेतृत्व किया था।
एपी सुरभि पवनेश
पवनेश

Facebook


