ईरान के साथ वार्ता में मामूली प्रगति, लेकिन समझौते को लेकर अनिश्चितता बरकरार: मार्को रुबियो

Ads

ईरान के साथ वार्ता में मामूली प्रगति, लेकिन समझौते को लेकर अनिश्चितता बरकरार: मार्को रुबियो

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 07:03 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 07:03 PM IST

तेल अवीव, 22 मई (एपी) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि ईरान के साथ हुई वार्ता में “मामूली प्रगति” हुई है, लेकिन इस बात को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है कि कोई समझौता हो पाएगा या फिर युद्ध दोबारा शुरू होगा।

रुबियो का यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने ईरान पर सैन्य हमला इसलिए टाल दिया क्योंकि “महत्वपूर्ण बातचीत” जारी है।

ट्रंप चेतावनी देते रहे हैं कि यदि ईरान समझौता नहीं करता है तो अप्रैल के मध्य में हुआ युद्धविराम समाप्त हो सकता है।

रुबियो ने यह टिप्पणी स्वीडन के हेलसिंगबोर्ग में होने वाली नाटो विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले की। इस बैठक में यह चर्चा होने की संभावना है कि युद्ध समाप्त होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य की निगरानी में सैन्य गठबंधन क्या भूमिका निभा सकता है।

रुबियो ने कहा कि वह बातचीत में हुई प्रगति को बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं करना चाहते।

उन्होंने कहा, “थोड़ी-बहुत प्रगति हुई है और यह अच्छी बात है।”

रुबियो ने कहा कि वार्ता अब भी जारी है।

हालांकि, हाल के सप्ताहों में कई बार प्रगति के दावे किए गए, लेकिन अब तक कोई समझौता नहीं हो सका है।

ट्रंप ने कई बार तेहरान के लिए समयसीमा तय की और बाद में उससे पीछे हट गए।

रुबियो ने कहा कि ट्रंप ने पश्चिम एशिया के सहयोगी देशों के अनुरोध पर इस सप्ताह ईरान पर हमला नहीं किया।

हालांकि, वार्ता को मौका देने के ट्रंप के फैसले से इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ उनके संबंधों में तनाव पैदा हो गया।

इस संबंध में एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ट्रंप और नेतन्याहू के बीच मंगलवार को ईरान के साथ वार्ता की स्थिति को लेकर फोन पर बातचीत हुई।

उन्होंने बताया कि ईरान के साथ समझौते की ट्रंप की कोशिशों से इजराइल नाराज है।

बाद में ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि नेतन्याहू “वही करेंगे जो मैं चाहूंगा।”

एपी

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल