रचनात्मकता के साथ किशोर एआई सहायकों का करते हैं इस्तेमाल
रचनात्मकता के साथ किशोर एआई सहायकों का करते हैं इस्तेमाल
(एनाबेल ब्लेक, एडुआर्डो वेलोसो और मार्कस कार्टर, सिडनी विश्वविद्यालय)
सिडनी, 19 अप्रैल (द कन्वरसेशन) चैटबॉट स्टार्टअप कैरेक्टर डॉट एआई के संस्थापकों ने 2022 में एक ऐसा प्लेटफॉर्म शुरू किया, जहां कोई भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा संचालित संवादात्मक पात्र बना सकता है।
यह ऐप तेजी से लोकप्रिय हुआ और देखते ही देखते इसके दो करोड़ से अधिक उपयोगकर्ता हो गए, जिन्होंने एक करोड़ से अधिक चैटबॉट पात्र बनाए।
इन पात्र को बनाने वाले कई उपयोगकर्ता युवा थे, लेकिन फिर स्थिति बदल गई। नवंबर 2025 में, इसके उपयोग से जुड़े युवाओं के आत्महत्या के बढ़ते मामलों और कानूनी दबाव के चलते, कैरेक्टर डॉट एआई ने 18 वर्ष से कम उम्र के उपयोगकर्ताओं पर प्रतिबंध लगा दिया। यह निर्णय सुरक्षा में सुधार के कई प्रयासों के बाद लिया गया, जिसमें माता-पिता के नियंत्रण और सख्त सामग्री फ़िल्टर शामिल थे।
यह प्रतिबंध किशोरों को संभावित नुकसान से बचाने का एक प्रयास है। लेकिन वे जो अधिक रचनात्मक, मनोरंजक और भावनात्मक रूप से एआई का इस्तेमाल कर रहे थे, उन्हें भी चुप करा दिया गया है।
एसोसिएशन फॉर कंप्यूटिंग मशीनरी सीएचआई कॉन्फ्रेंस 2026 की कार्यवाही में प्रकाशित हमारे नए शोध में युवाओं द्वारा एआई के साथ किए जा रहे नए प्रयोगों को संकलित और संरक्षित किया गया है, ताकि हम बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।
किशोर वास्तव में एआई चैटबॉट का उपयोग किसलिए करते हैं?
वर्ष 2026 में, अमेरिका के दस में से तीन किशोर प्रतिदिन एआई का उपयोग कर रहे। एआई का उपयोग सहायक के रूप में करने का विचार मीडिया की सुर्खियों और ऐप स्टोर पर छाया हुआ है, जहां सैकड़ों ऐप उपलब्ध हैं।
एआई सहायकों को लेकर मीडिया में दो मुख्य चिंताएं सामने आती हैं। पहली यह कि युवा अपनी असली दोस्तियों की जगह एआई को अपना सकते हैं। दूसरी यह कि ज्ञान देने वाले चैटबॉट के साथ ज्यादा बातचीत करने से किशोरों के सामाजिक कौशल कमजोर हो सकते हैं।
ये चिंताएं महत्वपूर्ण हैं। लेकिन युवाओं द्वारा एआई के उपयोग के कारणों में साथ की तलाश का हिस्सा आश्चर्यजनक रूप से कम है। प्यू रिसर्च सेंटर के एक हालिया सर्वेक्षण में पाया गया कि किशोरों द्वारा एआई के शीर्ष उपयोग सूचना प्राप्त करना (57 प्रतिशत), होमवर्क करना (54 प्रतिशत) और ‘मनोरंजन के लिए’ (47 प्रतिशत) हैं। केवल एक छोटा प्रतिशत (12 प्रतिशत) भावनात्मक समर्थन या सलाह के लिए एआई का उपयोग करता है। रोमांस और अकेलेपन से राहत अक्सर किशोरों द्वारा एआई के उपयोग के सबसे कम प्रेरणा स्रोतों में शामिल हैं: क्रमशः 4-6 प्रतिशत और 8-11 प्रतिशत।
जब सार्वजनिक चर्चा में एआई चैटबॉट को लगभग पूरी तरह से साथी के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, तो इससे किशोरों द्वारा एआई के साथ बिताए जाने वाले समय के अधिकांश भाग की अनदेखी होने का खतरा रहता है।
हमारी टीम ने यह समझने का प्रयास किया कि जब युवा स्कूल के बाहर एआई का उपयोग करने के लिए स्वतंत्र होते हैं, तो वे इसके साथ क्या करना पसंद करते हैं – मनोरंजन करना, प्रयोग करना और अपनी कल्पना के पात्र बनाना।
प्रतिबंध से पहले, कैरेक्टर डॉट एआई युवाओं के लिए एक लोकप्रिय ‘‘एआई मनोरंजन’’ केंद्र था। इसका एक वायरल टिकटॉक चैनल अभी भी मौजूद है, और इसमें पेप्पा पिग से लेकर कॉल ऑफ ड्यूटी तक, लोकप्रिय युवा मीडिया के पात्र शामिल हैं।
हमारी टीम ने जुलाई 2024 से मार्च 2025 के बीच आठ महीने से अधिक समय तक कैरेक्टर डॉट एआई के आधिकारिक ऑनलाइन चैट प्लेटफॉर्म डिस्कॉर्ड समुदाय में गहन अध्ययन किया, जिसके 5 लाख से अधिक सदस्य हैं। हमने 13 से 17 वर्ष की आयु के युवाओं द्वारा किए गए 2,236 पोस्ट का व्यवस्थित विश्लेषण किया।
प्लेटफॉर्म पर युवाओं की चर्चा के विश्लेषण के माध्यम से, हमने कैरेक्टर डॉट एआई के साथ जुड़ाव के पीछे तीन मुख्य उद्देश्यों की पहचान की: पुनर्स्थापना, अन्वेषण और परिवर्तन।
युवा भावनात्मक सुकून, मन की भड़ास निकालने, वास्तविकता से बचने और मनोदशा को नियंत्रित करने के लिए पात्रों का उपयोग करते हैं। कैरेक्टर डॉट एआई ने रचनात्मकता को फिर से जगाने में मदद की है।
युवाओं ने रचनात्मक दुनिया का निर्माण किया और अपने पसंदीदा पात्रों के प्रति प्रेम को बढ़ाया। एक किशोर ने पात्रों के आपसी संवादों के माध्यम से तीन पुस्तकों की एक गाथा लिखी। दूसरे ने रंगमंच के प्रति अपने प्रेम से प्रेरित होकर यात्रा करने वाले थिएटर पात्रों का एक समूह बनाया। उन्होंने बताया कि इस उपयोग से उनके कौशल वास्तविक दुनिया में स्थानांतरित हुए, जिससे उनकी रचनात्मकता बढ़ी और उनके लेखन में सुधार हुआ।
प्रतिबंध लगाना खराब डिजाइन की प्रतिक्रिया है, लेकिन इससे किशोरों के लिए बेहतर और सुरक्षित एआई उत्पाद नहीं बनते।
इसका समाधान युवाओं को एआई से हमेशा के लिए दूर रखना नहीं है। बल्कि, ऐसा एआई बनाना है, जो उनके भरोसे के लायक हो, उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा दे और उन्हें परिवार, दोस्ती और समुदाय के साथ भौतिक दुनिया से जोड़े रखे।
(द कन्वरसेशन) आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


