तेलंगाना के मुख्यमंत्री ब्रिटेन और अमेरिका की दस दिनों की यात्रा पर लंदन पहुंचे
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ब्रिटेन और अमेरिका की दस दिनों की यात्रा पर लंदन पहुंचे
लंदन, 20 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ब्रिटेन एवं अमेरिका की दस दिन की यात्रा के प्रथम चरण में बृहस्पतिवार को लंदन पहुंचे। राज्य सरकार ने इसकी जानकारी दी।
राज्य सरकार के अनुसार, ब्रिटेन में रेड्डी ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ब्लावत्निक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट एवं अमीरात स्टेडियम जाने का कार्यक्रम है। रेड्डी अमीरात स्टेडियम में इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल से संबंधित एक प्रस्तुति में शामिल होंगे।
ब्रिटेन दौरे के दौरान रेड्डी का कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, लंदन विश्वविद्यालय एवं लंदन बिजनेस स्कूल (एलबीएस) में संवाद एवं अन्य कार्यक्रमों की योजना है।
इसके बाद मुख्यमंत्री अगले हफ्ते अमेरिका जायेंगे, जहां वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय और मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान (एमआईटी) के परिसर का दौरा करेंगे।
उनका 25 अगस्त को बॉस्टन में ‘वर्जीनियां टेक यूनिवर्सिटी’ के एक दल के साथ संवाद का कार्यक्रम है।
कुछ आधिकारिक भेंटवार्ताओं के अलावा, न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) की अमेरिकी इकाई द्वारा आयोजित प्रवासी भारतीयों के साथ एक मुलाकात का कार्यक्रम भी रेड्डी के अमेरिका दौरे के एजेंडे में शामिल है।
इससे पहले, बृहस्पतिवार तड़के नयी दिल्ली हवाई अड्डे पर कांग्रेस सांसद मल्लू रवि और राज्य सरकार के प्रोटोकॉल मामलों के सलाहकार हरकारा वेणुगोपाल ने उन्हें विदा किया।
रेड्डी बुधवार को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली आए थे।
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


