ईरान की राजधानी तेहरान में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा शुरू

Ads

ईरान की राजधानी तेहरान में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा शुरू

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 09:28 AM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 09:28 AM IST

तेहरान, छह जुलाई (एपी) ईरान की राजधानी तेहरान में देश के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा सोमवार को शुरू हुई।

ईरान के राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे खामेनेई के ताबूत को एक ट्रक पर ले जाया जा रहा है। इसी ट्रक पर उनके उन परिजनों के ताबूत भी होंगे, जो 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत में इज़राइल और अमेरिका के हवाई हमले में मारे गए थे।

इन ताबूतों को तेहरान की सड़कों से होते हुए मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक ले जाया जाएगा।

अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का अनुमान है। ईरानी प्रशासन का मानना है कि इससे सरकार के प्रति जनता के समर्थन का भी प्रदर्शन होगा।

ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि अंतिम यात्रा शुरू हो चुकी है।

शोक के मद्देनजर प्रशासन ने प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया है। हवाई क्षेत्र पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार से शुरू हुआ यह राष्ट्रीय शोक बृहस्पतिवार को समाप्त होगा। इसके बाद 86 वर्षीय खामेनेई को उनके जन्मस्थान मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

इस बीच, अमेरिका ईरान के साथ उन वार्ताओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है, जिनका उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह फिर से खोलना, उसके विवादित परमाणु कार्यक्रम को सीमित करना और युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करना है। हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि ये वार्ताएं अंतिम संस्कार संपन्न होने तक स्थगित रहेंगी।

हालांकि, अंतिम संस्कार के दौरान खामेनेई की मौत का बदला लेने की मांग भी तेज होती जा रही है।

सोमवार सुबह अंतिम यात्रा में शामिल फातिमा हसन ने कहा, ‘‘आज हम अपने नेता के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए हैं। यह हमारे लिए बेहद पीड़ादायक दिन है। हम यहां उन्हें अंतिम विदाई देने नहीं, बल्कि उनका बदला लेने आए हैं। और हम यह बदला लेकर रहेंगे।’’

एपी खारी वैभव

वैभव