अमेरिकी पासपोर्ट के सीमित संस्करण पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर होगी
अमेरिकी पासपोर्ट के सीमित संस्करण पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर होगी
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 29 अप्रैल (भाषा) अमेरिका का विदेश मंत्रालय जुलाई में देश की आजादी की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पासपोर्ट का एक सीमित संस्करण जारी करने की तैयारी कर रहा है जिसपर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका के संस्थापकों की तस्वीर होंगी।
ये विशेष पासपोर्ट केवल उन्हीं लोगों को उपलब्ध कराए जाएंगे,जो वाशिंगटन पासपोर्ट एजेंसी में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होंगे।
विदेश मंत्रालय ने सीमित संस्करण के पासपोर्ट की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं।
पासपोर्ट पुस्तिका खोलते ही बाएं पृष्ठ पर ट्रंप की तस्वीर है, जिसके चारों ओर स्वतंत्रता घोषणापत्र के अंश और अमेरिकी ध्वज अंकित है, साथ ही राष्ट्रपति के सुनहरे हस्ताक्षर भी हैं। इसके सामने वाले पृष्ठ पर स्वतंत्रता घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करते हुए राष्ट्र संस्थापकों की प्रसिद्ध पेंटिंग अंकित की गई है।
पासपोर्ट के इस विशेष संस्करण को इस साल गर्मी में जारी किया जाएगा। यह ट्रंप प्रशासन के व्यापक ‘अमेरिका250’ उत्सव का हिस्सा हैं, जिसमें अगस्त में राष्ट्रीय स्मारक (नेशनल मॉल) में एक ग्रां प्री रेस और जून में व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में एक यूएफसी फाइट भी शामिल है।
अक्टूबर में, अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में, वित्त विभाग ने ट्रंप की छवि वाला एक डॉलर का सिक्का जारी करने का प्रस्ताव रखा था।
अमेरिकी कोषाध्यक्ष ब्रैंडन बीच के मुताबिक सिक्के के एक तरफ ट्रंप की तस्वीर के साथ-साथ ‘‘लिबर्टी’’, ‘‘इन गॉड वी ट्रस्ट’’ और ‘‘1776-2026’’ शब्द अंकित होंगे।
सिक्के के दूसरे हिस्से में ट्रंप को अमेरिकी झंडे के सामने दाहिनी मुट्ठी भींचे हुए खड़े दिखाया जाएगा और उस पर ‘‘फाइट फाइट फाइट’’ शब्द लिखा होगा। यह नारा पेंसिल्वेनिया के बटलर में 2024 में ट्रंप की चुनावी रैली में उनपर हुए जानलेवा हमले के बाद उनके द्वारा लगाए गए नारे को संदर्भित करता है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


