ट्रंप प्रशासन ने व्हाइट हाउस बॉलरूम मामले में 23 मई की गोलीबारी का हवाला दिया

Ads

ट्रंप प्रशासन ने व्हाइट हाउस बॉलरूम मामले में 23 मई की गोलीबारी का हवाला दिया

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 10:25 AM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 10:25 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 26 मई (भाषा) अमेरिका प्रशासन ने एक संघीय न्यायाधीश से व्हाइट हाउस परिसर में बनाए जा रहे एक भव्य बॉलरूम के खिलाफ चल रहे मुकदमे को खारिज करने का अनुरोध करते हुए इसके लिए सप्ताहांत में व्हाइट हाउस के निकट हुई गोलीबारी की घटना का हवाला दिया है।

रविवार देर रात अदालत में दायर दस्तावेज में अमेरिकी न्याय विभाग ने शनिवार को व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनके परिवार और कर्मचारियों की हत्या के एक और प्रयास के रूप में वर्णित किया।

एसोसिएट अटॉर्नी जनरल स्टेनली वुडवर्ड द्वारा हस्ताक्षरित इस याचिका में कहा गया, “शनिवार रात, 23 मई को, एक हमलावर ने एक बार फिर ऐतिहासिक व्हाइट हाउस परिसर में राष्ट्रपति, उनके परिवार और उनके स्टाफ की हत्या करने का प्रयास किया।”

याचिका में कहा गया कि इस महीने राष्ट्रपति पर यह दूसरा हमला इस बात को रेखांकित करता है कि व्हाइट हाउस में अत्याधुनिक और उच्च स्तरीय सुरक्षा कितनी आवश्यक है।

इसमें यह भी कहा गया कि प्रस्तावित बॉलरूम, जो ईस्ट विंग परियोजना का एक एकीकृत और महत्वपूर्ण हिस्सा है, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

दस्तावेज़ के अनुसार, यह बॉलरूम इसलिए बनाया जा रहा है ताकि राष्ट्रपति अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन एक सुरक्षित और कड़ी सुरक्षा वाले परिसर में कर सकें।

शनिवार की घटना, जिसमें अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को मार गिराया, इस तरह की दूसरी घटना थी।

इससे पहले 25 अप्रैल को व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें राष्ट्रपति ट्रंप, उपराष्ट्रपति जे डी वेंस और कई अन्य वरिष्ठ कैबिनेट सदस्य शामिल हुए थे।

अदालत में दायर याचिका में वुडवर्ड ने बॉलरूम के खिलाफ दायर मुकदमे को “देश के लिए पूरी तरह शर्मनाक” बताया।

याचिका में परियोजना की प्रस्तावित सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में भी नई जानकारी दी गई।

भाषा रंजन वैभव

वैभव