ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के ईरान के प्रस्ताव पर चर्चा की
ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के ईरान के प्रस्ताव पर चर्चा की
वाशिंगटन, 27 अप्रैल (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने राष्ट्रीय सुरक्षा दल के साथ बैठक कर ईरान के उस प्रस्ताव पर चर्चा की, जिसमें वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की बात कही गई है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लीविट ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस विषय पर चर्चा हुई है, लेकिन वह बैठक के नतीजे को लेकर अभी कुछ कहना नहीं चाहतीं।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राष्ट्रपति जल्द ही स्वयं जानकारी देंगे।
इससे पहले विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ‘फॉक्स न्यूज’ से कहा कि ईरानी वार्ताकार समझौते को लेकर गंभीर हैं, लेकिन वे इसके लिए और समय हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
रूबियो ने कहा कि ईरान अपनी मौजूदा परिस्थितियों से बाहर निकलना चाहता है और इसी दिशा में बातचीत जारी है।
भाषा
राखी वैभव
वैभव

Facebook


