ट्रंप ने एरिका श्वार्ट्ज को सीडीसी निदेशक के रूप में नामित किया
ट्रंप ने एरिका श्वार्ट्ज को सीडीसी निदेशक के रूप में नामित किया
वाशिंगटन, 17 अप्रैल (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व ‘डिप्टी सर्जन जनरल’ एरिका श्वार्ट्ज को रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की अगली निदेशक के रूप में नामित किया है।
ट्रंप ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर श्वार्ट्ज को ‘‘अविश्वसनीय रूप से प्रतिभाशाली’’ बताया और कहा, ‘‘वह एक ‘स्टार’ हैं!’’
सीडीसी एक सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी है जो अमेरिकियों को स्वास्थ्य से जुड़े खतरों से बचाने का दायित्व संभालती है। राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद से इस एजेंसी में नेतृत्व को लेकर उथल पुथल रही है। यह एजेंसी अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर की निगरानी में काम करती है।
प्रशासन की ओर से सीडीसी के प्रमुख के रूप में पहली पसंद फ्लोरिडा से पूर्व सांसद डॉ. डेविड वेल्डन थे, लेकिन मार्च 2025 में सीनेट में उनके नाम की पुष्टि संबंधी सुनवाई शुरू होने से एक घंटे पहले ही इसे रद्द कर दिया गया था। वेल्डन ने उस समय कहा था कि उन्हें बताया गया था कि उनके पक्ष में मतदान करने को पर्याप्त सीनेटर तैयार नहीं थे।
इसके बाद ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) ने सुसन मोनारेज को नामित किया जो सीडीसी की कार्यवाहक निदेशक के रूप में कार्यरत थीं। मोनारेज की नियुक्ति सीनेट द्वारा अनुमोदित हो गई लेकिन एक महीने से भी कम समय में उन्हें पद से हटा दिया गया। ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि वह उनके एजेंडे के अनुसार काम नहीं कर रही थीं इसलिए उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।
तब से, एजेंसी के नेतृत्व में लगातार बदलाव हो रहे हैं। पिछले कई हफ्तों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक जय भट्टाचार्य सीडीसी का जिम्मा संभाल रहे हैं।
कैनेडी ने कहा कि सीडीसी की नयी टीम ‘‘असाधारण’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह नयी टीम सीडीसी में क्रांतिकारी बदलाव लाने और इसे फिर से पटरी पर लाने में सक्षम होगी।’’
श्वार्ट्ज के पास चिकित्सा और कानून की डिग्री सहित कई शैक्षणिक योग्यताएं हैं। वह सेना में कार्यरत रहीं। उन्होंने अमेरिकी तटरक्षक बल में नेतृत्व पद भी संभाला, जहां उन्होंने संगठन के 41 क्लीनिक और मरीजों के 150 कक्षों की प्रणाली की देखरेख की। बाद में उन्होंने ‘डिप्टी सर्जन जनरल’ के रूप में भी सेवाएं दीं।
एपी सुरभि सिम्मी
सिम्मी

Facebook


