संयुक्त सैन्य अड्डों के उपयोग की अनुमति नहीं देने पर ट्रंप ने स्पेन को दी व्यापार बंद करने की धमकी
संयुक्त सैन्य अड्डों के उपयोग की अनुमति नहीं देने पर ट्रंप ने स्पेन को दी व्यापार बंद करने की धमकी
वाशिंगटन, चार मार्च (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध में समर्थन न देने और नाटो में अपना व्यय बढ़ाने का विरोध करने के कारण मंगलवार को स्पेन के साथ व्यापार समाप्त करने की धमकी दी।
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ ‘ओवल ऑफिस’ में हुई बैठक के दौरान ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम स्पेन के साथ सभी व्यापार संबंध तोड़ देंगे। हम स्पेन से किसी भी तरह का संबंध नहीं रखना चाहते।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के दायरे से बाहर किसी भी हमले में अमेरिका को दक्षिणी स्पेन में स्थित सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देगा। अल्बारेस ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ संयुक्त रूप से संचालित सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल सप्ताहांत में ईरान पर हुए हमले में नहीं किया गया था।
यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप स्पेन के साथ व्यापार कैसे बंद करेंगे, क्योंकि स्पेन यूरोपीय संघ के अंतर्गत आता है और यूरोपीय संघ अपने सभी 27 सदस्य देशों की ओर से व्यापार समझौतों पर बातचीत करता है।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ के कार्यालय के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा, ‘‘अगर अमेरिकी प्रशासन व्यापार समझौते की समीक्षा करना चाहता है, तो उसे निजी कंपनियों की स्वायत्तता, अंतरराष्ट्रीय कानून और यूरोपीय संघ और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच द्विपक्षीय समझौतों का सम्मान करते हुए ऐसा करना होगा।’’
राष्ट्रपति द्वारा दंडात्मक उपायों या व्यापार प्रतिबंधों की धमकी का इस्तेमाल करने का यह एक और उदाहरण था और यह उच्चतम न्यायालय के उस फैसले के ठीक बाद आया है जिसमें ट्रंप के व्यापक वैश्विक शुल्क को रद्द कर दिया गया था। हालांकि न्यायालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम राष्ट्रपति को एकतरफा रूप से व्यापक शुल्क लगाने का अधिकार नहीं देता है, लेकिन ट्रंप का कहना है कि न्यायालय उन्हें अपने अनुसार अन्य देशों पर पूर्ण पैमाने पर प्रतिबंध लगाने की अनुमति देता है।
एपी यासिर हक
हक

Facebook


