ईरान ने किए खाड़ी देशों और इजराइल पर हमले, ट्रंप ने दी चेतावनी

Ads

ईरान ने किए खाड़ी देशों और इजराइल पर हमले, ट्रंप ने दी चेतावनी

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 03:19 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 03:19 PM IST

दुबई, 13 मार्च (एपी) ईरान ने खाड़ी के अरब देशों पर शुक्रवार तड़के कई हमले किए, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उसे बड़े जवाबी हमले की चेतावनी दी।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देखते रहिए, आज इन कुटिल लोगों का क्या हश्र होता है। ईरान की नौसेना नाश हो चुकी है, वायुसेना तबाह हो गई है। मिसाइल, ड्रोन और सब कुछ खत्म हो गए हैं और उनके नेताओं का नामोनिशान धरती से मिटा दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम ईरान के आतंकी शासन को सैन्य, आर्थिक और हरेक तरीके से पूरी तरह नष्ट कर रहे हैं।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘वे 47 वर्ष से दुनिया भर में निर्दोष लोगों को मार रहे हैं और अब मैं, अमेरिका का 47वां राष्ट्रपति होने के नाते, उन्हें मार रहा हूं। ऐसा करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति की इन टिप्पणियों से एक दिन पहले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुज्तबा खामेनेई ने ईरानियों के खून का बदला लेने से पीछे न हटने का संकल्प लिया था। उन्होंने खाड़ी के अरब देशों को अमेरिकी ठिकाने बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि अमेरिकी सुरक्षा की धारणा ‘झूठ के सिवा कुछ नहीं’ है।

इस बीच, खाड़ी क्षेत्र के आसपास तेल और अन्य बुनियादी ढांचे पर ईरान के हमले जारी हैं। सऊदी अरब ने शुक्रवार को कहा कि उसने तड़के सुबह अलग-अलग समय भेजे गए लगभग 50 ड्रोन मार गिराए।

ओमान न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, ओमान के सोहार क्षेत्र के एक औद्योगिक इलाके में दो ड्रोन गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।

बहरीन में हमले की चेतावनी देने वाले सायरन की आवाज सुनी गई और दुबई में एक औद्योगिक क्षेत्र से काला धुआं उठता देखा गया। अधिकारियों के अनुसार, किसी मिसाइल या हमले को रोकने की कार्रवाई (इंटरसेप्शन) के बाद गिरे मलबे से आग लग गई थी।

दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर की एक इमारत को भी नुकसान पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार, “सफल इंटरसेप्शन” के बाद गिरे मलबे की वजह से इमारत को नुकसान हुआ है।

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, देश में अब तक 1,300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जबकि इजराइल ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

वहीं अमेरिका के कम से कम सात सैनिकों की मौत हो चुकी है, और आठ सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास शुक्रवार तड़के तेज हवाई हमले हुए। हमलों के समय फलस्तीनियों के समर्थन में आयोजित होने वाले वार्षिक कुद्स दिवस कार्यक्रम के लिए रैलियां शुरू होने वाली थीं।

इजराइल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में उसकी वायुसेना ने ईरान में 200 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनमें मिसाइल लॉन्चर, रक्षा प्रणालियां और हथियार उत्पादन स्थल शामिल हैं।

एपी जोहेब सुरेश

सुरेश