वाशिंगटन, 25 जुलाई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल में हुई गोलीबारी के कारण स्थगित किए गए ‘व्हाइट हाउस’ संवाददाता संघ (डब्ल्यूएचसीए) के वार्षिक रात्रिभोज में शुक्रवार को हिस्सा लिया।
कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा, ‘जैसा कि मैंने तीन महीने पहले कहा था कि यह कार्यक्रम हर हाल में होना चाहिए।’’
ट्रंप ने ‘बॉलरूम’ में प्रवेश किया तो उनका तालियों से स्वागत किया गया। ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के संवाददाता संघ की अध्यक्ष एवं सीबीएस न्यूज की वेइजिया जियांग ने कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए ट्रंप का धन्यवाद दिया। रात्रिभोज के बाद ट्रंप ने एक घंटे से अधिक समय तक पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले वर्ष ट्रंप और उनके प्रशासन पर तीखे एवं आलोचनात्मक समाचार प्रकाशित किए थे।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए जियांग ने कहा, ‘‘आज रात हमारा संदेश साफ है : हम वापस आ गए हैं। हम डरने वाले नहीं हैं और हम हिंसा को किसी घटना का अंतिम संदेश नहीं बनने देंगे।’’
हिंसा की घटना के बाद यह रात्रिभोज वाल्डोर्फ एस्टोरिया होटल के बॉलरूम में आयोजित किया गया, जहां लगभग 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। कार्यक्रम स्थल पर केवल एक प्रवेश द्वार रखा गया था। मेहमानों को दो बार जांच से गुजरना पड़ा। वहां खोजी कुत्ते, सशस्त्र पुलिसकर्मी और सुरक्षा गार्ड भी तैनात थे। इस बार न तो रेड कार्पेट था और न ही रात्रिभोज से पहले अलग से ‘कॉकटेल’ समारोह आयोजित किया गया।
ऐसी उम्मीद थी कि ट्रंप प्रेस के खिलाफ पहले की तरह ‘‘कड़े और तीखे’’ बयान देंगे, जो उन्होंने अप्रैल में देने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस समय एक बंदूकधारी के सुरक्षा जांच चौकी पर हमला करने से कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई थी और पूरा सभागार खाली कराना पड़ा था लेकिन इस बार अपने संबोधन की शुरुआत में ही ट्रंप ने संकेत दिया कि वह अपने पुराने भाषण के बजाय कई अलग-अलग विषयों पर बात करेंगे।
ट्रंप ने पिछले महीने संकेत दिया था कि वह अभी तय नहीं कर पाए हैं कि कार्यक्रम में क्या कहेंगे।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा था, ‘‘मुझे नहीं पता कि मैं वही कड़े और तीखे बयान दूंगा या नहीं, खासकर कुछ लोगों के बारे में। इसका पता जल्द ही चल जाएगा लेकिन इतना तय है कि यह कार्यक्रम बेहद चर्चित रहेगा।’’
इस बार कार्यक्रम में दो नए पुरस्कार भी शामिल किए गए। इनमें से एक पुरस्कार विक्टर गोंजालेस को दिया गया, जो अप्रैल में सुरक्षा जांच चौकी पर तैनात सीक्रेट सर्विस एजेंट थे और गोलीबारी के दौरान उनकी सुरक्षा जैकेट पर गोली लगी थी।
दूसरा पुरस्कार वाशिंगटन हिल्टन होटल के कर्मचारियों को दिया गया, जहां अप्रैल में कार्यक्रम आयोजित होना था।
यह कार्यक्रम ऐसे समय में आयोजित हुआ, जब मीडिया और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी