पाकिस्तान में पोलियो के दो नये मामले सामने आए

Ads

पाकिस्तान में पोलियो के दो नये मामले सामने आए

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 08:08 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, एक मई (भाषा) पाकिस्तान में शुक्रवार को पोलियो के दो नए मामले सामने आए जिससे इस वर्ष संक्रमण के कुल मामले बढ़कर तीन हो गए हैं। यह मामले इस बीमारी के उन्मूलन के राष्ट्रीय प्रयासों के लिए एक बड़ा झटका हैं।

यह बीमारी पीड़ितों को जीवन भर के लिए अक्षम बना देती है।

ये नये मामले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू और उत्तरी वजीरिस्तान जिलों में पाए गए हैं। इस क्षेत्र में अक्सर तालिबान से जुड़े उग्रवादी उन अधिकारियों को निशाना बनाते हैं जो बच्चों को पोलियो रोधी टीके की खुराक पिलाने का कार्य करते हैं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, “पोलियो उन्मूलन के लिए काम करने वाले पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र (एनईओसी) ने वाइल्ड पोलियो वायरस के दो नए मामलों की पुष्टि की है।”

बयान में कहा गया कि इन मामलों की जानकारी पोलियो वायरस निगरानी नेटवर्क के माध्यम से मिली थी और डब्ल्यूएचओ-मान्यता प्राप्त ‘रीजनल रेफरेंस लैबोरेटरी फॉर पोलियो इरेडिकेशन’ ने इनकी पुष्टि की है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, देश में पोलियो वायरस के प्रसार में समग्र रूप से गिरावट आ रही है। वर्ष 2024 में 74 मामले सामने आए थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 31 रह गई। वहीं, 2026 में अब तक केवल तीन मामलों की पुष्टि हुई है, जो उच्च गुणवत्ता वाले टीकाकरण अभियानों के प्रभाव को दर्शाता है।

इसमें कहा गया, “ये मामले संक्रमण की रोकथाम के लिए मजबूत और लक्षित प्रयासों की निरंतर आवश्यकता तथा देश भर में बच्चों के लिए नियमित टीकाकरण के महत्व को रेखांकित करते हैं।”

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश