शंकेश ज्वैलर्स के आईपीओ को पहले दिन 36 प्रतिशत बोलियां मिलीं

Ads

शंकेश ज्वैलर्स के आईपीओ को पहले दिन 36 प्रतिशत बोलियां मिलीं

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 08:10 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) आभूषण कारोबार से जुड़ी कंपनी शंकेश ज्वैलर्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के पहले दिन मंगलवार को 36 प्रतिशत अभिदान मिला।

एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के आईपीओ में पेश किए गए 2,76,37,400 शेयरों के मुकाबले 98,74,400 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

खुदरा निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित शेयरों में से 53 प्रतिशत के लिए बोली लगाई। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी के लिए 38 प्रतिशत और पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को तीन प्रतिशत बोलियां प्राप्त हुईं।

मुंबई स्थित थोक आभूषण विक्रेता शंकेश ज्वैलर्स ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 110.15 करोड़ रुपये जुटाए।

करीब 367 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 20 अगस्त को बंद होगा। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 88-93 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है, जिससे ऊपरी सीमा पर कंपनी का मूल्यांकन 1,367 करोड़ रुपये हो जाता है।

आईपीओ में 2.95 करोड़ तक इक्विटी शेयरों का ताजा निर्गम और एक करोड़ तक मौजूदा इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। ताजा शेयर निर्गम से हासिल रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने या पूर्व-भुगतान करने, कार्यशील पूंजी की जरूरतें पूरी करने और सामान्य निगमित उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

शंकेश ज्वैलर्स के शेयरों को 25 अगस्त को बीएसई और एनएसई दोनों में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम