नीदरलैंड: एम्सटर्डम में यहूदी स्कूल के बाहर विस्फोट के मामले में दो संदिग्धों की तलाश
नीदरलैंड: एम्सटर्डम में यहूदी स्कूल के बाहर विस्फोट के मामले में दो संदिग्धों की तलाश
एम्सटर्डम, 14 मार्च (एपी) नीदरलैंड के एम्सटर्डम में एक यहूदी स्कूल के बाहर विस्फोट के मामले में अधिकारी दो संदिग्धों की तलाश में जुटे हैं।
शहर की मेयर ने इस हमले को यहूदी समुदाय के खिलाफ कायरतापूर्ण आक्रामकता करार दिया है।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि राजधानी के बुइटेनवेल्डर्ट जिले में स्थित स्कूल की बाहरी दीवार के पास रात में हुए विस्फोट से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
पुलिस ने एक बयान में बताया कि जांचकर्ताओं ने यह पता लगाया है कि दोनों संदिग्ध मोटर स्कूटर पर आए थे और एक ने दीवार के सहारे एक वस्तु रखी और फिर स्कूटर की ओर वापस भागा, जिसके बाद विस्फोट हो गया।
एम्सटर्डम की मेयर फेमके हालसीमा ने बयान में कहा कि शहर के यहूदी निवासी “डरे” हुए हैं और वे तेजी से बढ़ते यहूदी-विरोधी हमलों का निशाना बन रहे हैं।
उन्होंने कहा, “यह अस्वीकार्य है। स्कूल ऐसा स्थान होना चाहिए जहां बच्चे सुरक्षित रूप से पढ़ सकें। एम्सटर्डम ऐसा शहर होना चाहिए जहां यहूदी सुरक्षित रूप से रह सकें।”
एपी जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


