यूएई में भ्रामक वीडियो क्लिप प्रसारित करने के आरोप में 10 लोगों पर मुकदमे दर्ज करने का आदेश

Ads

यूएई में भ्रामक वीडियो क्लिप प्रसारित करने के आरोप में 10 लोगों पर मुकदमे दर्ज करने का आदेश

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 09:29 AM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 09:29 AM IST

दुबई, 15 मार्च (भाषा) ईरान में युद्ध के कारण क्षेत्रीय तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने सोशल मीडिया मंच पर भ्रामक और मनगढ़ंत सामग्री वाले वीडियो क्लिप प्रसारित करने के आरोप में विभिन्न देशों के 10 नागरिकों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ तत्काल मुकदमा शुरू करने का आदेश दिया है।

देश की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘अमीरात समाचार एजेंसी’ (डब्ल्यूएएम) द्वारा जारी एक बयान में यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमाद सैफ अल शम्सी ने कहा कि क्षेत्रीय घटनाक्रम के मद्देनजर डिजिटल मंचों की निरंतर निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई है। अटॉर्नी जनरल ने आरोपियों की राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी घटनाओं का फायदा उठाकर गलत सूचना फैलाई गई है, जिसका मकसद जनता को जानबूझकर गुमराह करना और राष्ट्रीय सुरक्षा, व्यवस्था एवं स्थिरता को कमजोर करना है।’’

डॉ. अल शम्सी ने कहा कि विचाराधीन आरोपियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करके बनाए गए वीडियो फुटेज प्रसारित किए जिनमें यूएई के विभिन्न क्षेत्रों में विस्फोटों, प्रमुख स्थलों पर हमलों या धुआं उठते हुए विशाल आग का भ्रामक संकेत दिया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ फुटेज में देश के भीतर सैन्य ठिकानों के नष्ट होने का दावा किया गया या विदेशी घटनाओं को यूएई के स्थानों से जोड़ा गया। इनका उद्देश्य लोगों को गुमराह करना और भय फैलाना था।’’

उनके अनुसार, लोक अभियोजन ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और उन्हें हिरासत में रखने का आदेश दिया है।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी