यूक्रेन-जर्मनी रक्षा प्रणालियों का उत्पादन संयुक्त रूप से करने की योजना बनाने में जुटे
यूक्रेन-जर्मनी रक्षा प्रणालियों का उत्पादन संयुक्त रूप से करने की योजना बनाने में जुटे
बर्लिन, 14 अप्रैल (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन और जर्मनी उन्नत ड्रोन और युद्ध के मैदान में खरी पायी गईं अन्य रक्षा प्रणालियों का उत्पादन संयुक्त रूप से करने की योजना पर काम करने जा रहे हैं।
कीव रूस के व्यापक आक्रमण के खिलाफ अपने चार साल से अधिक के संघर्ष को तेज करने की तैयारी में है।
बर्लिन दौरे के दौरान जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जेलेंस्की ने कहा, ‘‘हमने जर्मनी को एक द्विपक्षीय ड्रोन समझौते का प्रस्ताव दिया है जिसमें विभिन्न प्रकार के ड्रोन, मिसाइल, सॉफ्टवेयर और आधुनिक रक्षा प्रणालियां शामिल हैं। हमारी टीमें इस दिशा में ठोस काम शुरू कर रही हैं।’’
मर्ज ने कहा कि कीव के युद्ध प्रयासों में जर्मनी का समर्थन रूस के लिए ‘एक बहुत स्पष्ट संकेत’ है। उन्होंने कहा, ‘‘हम यूक्रेन की रक्षा के अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’
ट्रंप प्रशासन का ध्यान ईरान से युद्ध पर केंद्रित होने से, यूक्रेन पर रूस के हमले को समाप्त करने के लिए अमेरिका के नेतृत्व में किए जा रहे राजनयिक प्रयास हाल ही में फीके पड़ गए हैं। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी उप राजदूत टैमी ब्रूस ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बताया कि वाशिंगटन ‘समझौते के माध्यम से युद्ध के स्थायी अंत के लिए प्रयास जारी रखेगा’।
रूस ने अब तक यूक्रेन के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर लिया है। इसमें क्रीमिया प्रायद्वीप भी शामिल है, जिसे रूस ने 2014 में अपने कब्जे में ले लिया था।
जेलेंस्की के अनुसार, यूक्रेन में वर्तमान में तैनात सैन्य उपकरणों की तुलना में दोगुनी उत्पादन क्षमता है, लेकिन उत्पादन बढ़ाने के लिए उसके पास धन की कमी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास पर्याप्त धन नहीं है।’’
इस क्षमता को साकार करने की कुंजी यूरोपीय संघ की ओर से वादा किए गए 90 अरब यूरो (106 अरब डॉलर) के ऋण को प्राप्त करने में निहित है। हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन के कारण यह ऋण रुका हुआ था, लेकिन सप्ताहांत में होने वाले चुनाव के बाद उनके पद छोड़ने से यह धन उपलब्ध हो सकता है।
मर्ज ने कहा कि यूक्रेन को इन निधियों की ’तत्काल’ आवश्यकता है। जेलेंस्की बर्लिन के बाद दूसरे अहम सैन्य सहयोगी देश नार्वे के लिए रवाना होंगे।
इस बीच, क्षेत्रीय अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पूर्वी यूक्रेनी शहर निप्रो पर रूसी मिसाइल हमले में चार लोग मारे गए और 21 लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 10 की हालत गंभीर है।
शहर के अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि सभी पीड़ित असैन्य नागरिक थे और हमले वाली जगह से गाड़ी चलाकर या पैदल गुजर रहे थे। यह शहर कीव से 485 किलोमीटर (300 मील) दक्षिण-पूर्व में स्थित है।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी शहर खेरसोन में भी रूसी ड्रोन हमले में एक 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
एपी संतोष नरेश
नरेश

Facebook


