यूक्रेन ने रूस पर भीषण ड्रोन हमला किया, मॉस्को ने 660 ड्रोन नष्ट किए
यूक्रेन ने रूस पर भीषण ड्रोन हमला किया, मॉस्को ने 660 ड्रोन नष्ट किए
कीव, 26 जून (एपी) रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि उसने वायु रक्षा प्रणाली के जरिये 12 रूसी क्षेत्रों के ऊपर, साथ ही अवैध रूप से कब्जाए गए क्रीमिया और आसपास के क्षेत्र में रातभर में यूक्रेन के 660 ड्रोन को बीच में रोक कर उन्हें नष्ट कर दिया।
रूस की ओर से 2022 में यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर किए गए आक्रमण के बाद से इसे सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है। यूक्रेन का इससे पहले का सबसे बड़ा हमला 17 मई को हुआ था, जब उसने 556 ड्रोन दागे थे।
यह बड़ा हमला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा ‘एक्स’ पर दिए गए बयान के कुछ घंटों बाद हुआ। जेलेंस्की ने कहा था कि उन्होंने ‘‘40 दिनों का एक अभियान’’ शुरू करने का आदेश दिया है। माना जा रहा है कि इसका आशय हमलों में तीव्रता लाने से है, जिसका उद्देश्य रूस को युद्ध समाप्त करने के लिए मजबूर करना है।
पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन ने रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा केन्द्रों पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों से रूस में ईंधन की कमी और सैन्य आपूर्ति लाइनों में बाधा उत्पन्न हुई है, जिससे चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध में मॉस्को के सैन्य अभियानों पर असर पड़ा है।
मॉस्को के दक्षिण में स्थित तुला क्षेत्र में एक निजी घर इस हमले में क्षतिग्रस्त हो गया और एक महिला घायल हो गई। क्षेत्रीय गवर्नर दिमित्री मिल्यायेव ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बिजली की लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है और नोवोमोस्कोव्स्क शहर में एक अज्ञात औद्योगिक इकाई को नुकसान पहुंचा है।
रूस के स्वतंत्र ऑनलाइन माध्यम ‘एस्ट्रा’ ने अपनी खबर में कहा कि नोवोमोस्कोव्स्क में एक रासायनिक संयंत्र और एक जलविद्युत संयंत्र पर भी हमला हुआ और उनमें आग लग गई। अधिकारियों की ओर से भी इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने भी बताया कि राजधानी की ओर आने वाले 47 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि उन्होंने किसी प्रकार की जनहानि या क्षति की जानकारी नहीं दी।
वहीं, यूक्रेन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रूस द्वारा पूर्वोत्तर के खारकीव क्षेत्र पर किए गए हमलों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। क्षेत्रीय प्रशासन प्रमुख ओलेह सिनिएहुबोव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सिनिएहुबोव ने कहा कि रूसी सेना ने निर्देशित मिसाइल और कई तरह के ड्रोन का इस्तेमाल करके खारकीव शहर और इलाके की 16 अन्य बस्तियों पर हमला किया।
यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि यूक्रेन की रक्षा प्रणालियों ने रात भर में रूस के 189 में से 174 ड्रोन को रोक दिया।
एपी आशीष संतोष
संतोष

Facebook


