चार भारतीयों को ले जा रहे जहाज पर यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर हुआ हमला, दो लोग सुरक्षित
चार भारतीयों को ले जा रहे जहाज पर यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर हुआ हमला, दो लोग सुरक्षित
लंदन, 26 जुलाई (भाषा) यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को कहा कि चार भारतीय नागरिकों को ले जा रहे एक व्यापारिक जहाज पर यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर हमला हुआ।
चालक दल के दो सदस्य सुरक्षित बताये जा रहे हैं, जबकि बाकी दो के बारे में जानकारी का अभी इंतजार है।
यह घटना शनिवार को हुई। मालवाहक जहाज ‘एमवी एजीएन रैग्नर’ पर ओडेसा बंदरगाह पर हमला हुआ। ओडेसा, काला सागर क्षेत्र में यूक्रेन का प्रमुख बंदरगाह है जिस पर 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से कई बार हमले हुए हैं।
भारतीय दूतावास ने एक बयान में कहा कि वह स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
दूतावास ने कहा, ‘‘यूक्रेन में भारतीय दूतावास 25 जुलाई को ओडेसा बंदरगाह पर हमले की जद में आए एमवी एजीएन रैग्नर से जुड़े घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है।’’
बयान के अनुसार, घटना के समय जहाज पर चार भारतीय नागरिक सवार थे।
दूतावास ने कहा,‘‘ ताज़ा जानकारी के अनुसार, दो भारतीय सुरक्षित हैं, जबकि अन्य दो भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी की अभी प्रतीक्षा है।’’
दूतावास ने बताया कि खोज और बचाव अभियान जारी है। साथ ही, वह संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है ताकि लापता चालक दल के सदस्यों की स्थिति का पता लगाया जा सके और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसने किया, किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, या जहाज़ पर चालक दल के कुल कितने सदस्य सवार थे। चारों भारतीय नागरिकों की पहचान और जहाज़ पर उनकी जिम्मेदारियों के बारे में भी तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
भाषा शोभना सुभाष
सुभाष

Facebook


