यूक्रेन और रूस ने एक-दूसरे पर किए हमले, कम से कम 14 लोगों की मौत

यूक्रेन और रूस ने एक-दूसरे पर किए हमले, कम से कम 14 लोगों की मौत

यूक्रेन और रूस ने एक-दूसरे पर किए हमले, कम से कम 14 लोगों की मौत
Modified Date: July 25, 2026 / 09:27 pm IST
Published Date: July 25, 2026 9:27 pm IST

कीव, 25 जुलाई (एपी) रूस के आंशिक कब्जे वाले जापोरिज्जिया क्षेत्र में स्थित पर्यटन स्थलों पर यूक्रेनी सुरक्षाबलों के हमले में 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, यूक्रेन के पूर्वोत्तर सूमी क्षेत्र में रूस के ड्रोन हमले में तीन लोगों की जान चली गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

क्रेमलिन समर्थित जापोरिज्जिया क्षेत्र के प्रमुख येवगेनी बालित्स्की ने बताया कि पर्यटन स्थलों पर हुए हमले में मारे गए 11 लोगों में चार बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस हमले में 16 अन्य लोग घायल हुए हैं।

यूक्रेन की ओर से इस हमले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

सूमी क्षेत्र के प्रमुख ओलेह ह्रीहोरोव ने बताया कि रूस के एक ड्रोन द्वारा एक ‘‘नागरिक प्रतिष्ठान’’ पर हमला किए जाने के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृतक यूक्रेन की निजी डाक एवं कूरियर सेवा ‘नोवा पोश्टा’ के चालक थे।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने सूमी क्षेत्र में यूक्रेन के ड्रोन के ‘‘भंडारण और प्रक्षेपण स्थल’’ पर हमला किया।

दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए रूसी ड्रोन हमले में एक व्यापारिक केंद्र को भी निशाना बनाया गया। क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेदोरोव ने बताया कि हमले के बाद लगी आग लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैल गई और इसमें कई लोग घायल हो गए।

कीव के निकट रक्षा उद्योग से जुड़े एक कार्यक्रम स्थल पर शुक्रवार को रूस के बड़े हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 100 अन्य घायल हो गए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार शाम अपने संबोधन में कहा कि खुफिया आकलनों से संकेत मिले हैं कि रूस बड़े मिसाइल हमले की तैयारी कर रहा है और यह हमला अगले 48 घंटे के भीतर हो सकता है।

इस बीच, रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उसकी सेना ने यूक्रेन सीमा के निकट एक निर्जन क्षेत्र में उसके हवाई क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को “सुरक्षित तरीके से मार गिराया”।

रोमानिया के राष्ट्रपति निकोर डैन ने फेसबुक पर कहा कि इस ड्रोन को रोमानियाई वायुसेना के एक एफ-16 लड़ाकू विमान के पायलट ने मार गिराया।

एपी रवि कांत रवि कांत माधव

माधव


लेखक के बारे में