नेपाल में ऑनलाइन ठगी के आरोप में भारतीय समेत दो लोग गिरफ्तार
नेपाल में ऑनलाइन ठगी के आरोप में भारतीय समेत दो लोग गिरफ्तार
(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 25 जुलाई (भाषा) नेपाल के मध्यवर्ती शहर पोखरा से ऑनलाइन ठगी के आरोप में एक भारतीय नागरिक और एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नेपाल पुलिस ने एक बयान में कहा कि कर्नाटक निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद यासिर और नेपाल के कंचनपुर जिले के 26 वर्षीय विवेक रेग्मी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। दोनों पर कम से कम 30 लोगों से ठगी कर उनसे कुल 9,65,000 नेपाली रुपये हासिल करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपनी कंपनी ‘ओएसिस टूरिज्म इंटरनेशनल’ में 15 नेपाली युवाओं को कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया था। ये लोग विभिन्न व्यक्तियों से संपर्क कर उन्हें कूपन भरने के लिए कहते थे।
इन कूपनों में एशिया या यूरोप के किसी देश की अवकाश यात्रा (हॉलिडे पैकेज) जीतने की घोषणा की जाती थी। आरोप है कि दोनों लोगों से कहते थे कि सुनिश्चित उपहार पाने के लिए उन्हें पंजीकरण कराना होगा।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से दो कंप्यूटर, कूपन वाउचर और मुहर बरामद की गई हैं।
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत

Facebook


