बर्लिन की ‘प्राइड परेड’ में वैन ने लोगों को कुचला, एक की मौत, 16 घायल; संदिग्ध की पहचान हुई
बर्लिन की ‘प्राइड परेड’ में वैन ने लोगों को कुचला, एक की मौत, 16 घायल; संदिग्ध की पहचान हुई
बर्लिन, 26 जुलाई (एपी) जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शनिवार रात ‘एलजीबीटीक्यू प्लस’ समुदाय के एक प्रमुख कार्यक्रम ‘प्राइड परेड’ के दौरान भीड़ में घुसी एक वैन ने लोगों को कुचल दिया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 16 अन्य लोग घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने समारोह और संगीत कार्यक्रम रद्द कर दिए। यह हादसा कार्यक्रम शुरू होने के कुछ घंटों बाद हुआ।
बर्लिन पुलिस ने कहा कि उसने एक संदिग्ध की पहचान कर ली है, हालांकि उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध के बर्लिन में सक्रिय इस्लामी चरमपंथी समूहों से संबंध हैं।
पुलिस प्रवक्ता फ्लोरियन नाथ ने कहा, ‘‘पुलिस को संदिग्ध का पता चल गया है। वह यहां बर्लिन में इस्लामी समूहों से जुड़ा रहा है और उसकी तलाश तेज कर दी गयी है।’’
हालांकि, उन्होंने संदिग्ध का नाम बताने से इनकार कर दिया।
इससे पहले पुलिस ने कहा था कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लोगों से घटनास्थल तुरंत खाली करने की अपील की, ताकि एंबुलेंस और दमकल कर्मी राहत एवं बचाव कार्य कर सकें।
फ्लोरियन नाथ ने ‘एक्स’ पर एक संक्षिप्त वीडियो में कहा, ‘‘हम संभावित संदिग्धों की गहन तलाश कर रहे हैं।’’
पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे एक सफेद रंग की वैन टियरगार्टन पार्क में घुस गई। यह पार्क उस मार्ग के पास है, जहां से कुछ समय पहले ‘प्राइड मार्च’ गुजरा था। वैन ने कई लोगों को टक्कर मारी और बाद में एक पेड़ से जा टकराई।
पुलिस ने यह नहीं बताया कि मौके पर कितने पुलिसकर्मी तैनात किए गए, लेकिन उसने बताया कि ‘‘बड़ी संख्या में पुलिस बल’’ वहां मौजूद है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह से ही बर्लिन में ‘प्राइड परेड’ और ‘एलजीबीटीक्यू प्लस’ समुदाय के अन्य कार्यक्रमों की सुरक्षा के लिए 2,200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
पुलिस ने पार्क में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। साथ ही उन दावों की भी जांच की जा रही है कि वाहन की टक्कर के अलावा कुछ पीड़ितों के शरीर पर चाकू से वार के निशान भी मिले हैं। हालांकि पुलिस ने कहा कि इस बारे में अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
बर्लिन के मेयर काई वेगनर ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘यह हमारे स्वतंत्र और उदार समाज पर हमला है। मुझे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों पर पूरा भरोसा है कि वे चौबीसों घंटे काम कर इस मामले की जांच करेंगी।’’
इस बीच, अधिकारियों ने घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से आगे आने और उनके पास मौजूद वीडियो या तस्वीरें पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की।
जर्मनी में ‘क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे’ के नाम से आयोजित होने वाली बर्लिन की ‘प्राइड परेड’ में शनिवार को भाग लेने के लिए लाखों लोग पहुंचे थे। यह यूरोप के सबसे बड़े ‘एलजीबीटीक्यू प्लस’ आयोजनों में से एक है।
एपी गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


